हादसा. बच्चे नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गये
हादसे के बाद परिजनों का हाल बेहाल
जहानाबाद नगर : घोसी थाना क्षेत्र के कैरवा सूर्य मंदिर के समीप फल्गु नदी में डूबने से तीन बच्चों की मौत के बाद परिवार सहित पूरे गांव में कोहराम मच गया. जिस घर में छठ का उत्साह चरम पर था. उस घर में विपदा का पहाड़ टूट पड़ा. नालंदा जिले के मणिचक निवासी संजय पांडेय अपनी पत्नी तथा दोनों बच्चों के साथ अपने ससुराल लोदीपुर मन्नत उतारने आये हुए थे. मंगलवार की सुबह उनके दोनों बच्चे अंकित और देवा ननिहाल अपने ममेरे भाई आयुष कुमारके साथ कैरवा फल्गु नदी में शौच करने गये. बच्चे वहां पर नदी में नहाने लगे. इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने के कारण डूब गये.दो दिन के बाद जिन बच्चों की मन्नत उतारी जानी थी, उनका शव देखकर परिवार के लोग फूट-फूट कर रो रहे थे. अंकित तथा देवा की मन्नत उतारी जानी थी.
इसके लिए पूरी तैयारी हो गयी थी. घर में छठ के गीत गाये जा रहे थे तथा पर्व को लेकर तैयारी चरम पर था. ननिहाल आये बच्चे पूरे उत्साह में थे. वे परिजनों के साथ खुशी में शरीक होने आये थे लेकिन इस दुर्घटना में पूरे घर में मातमी सन्नाटा पसार दिया. परिजनों का हाल तो खराब था ही करीब 100 घरों वाला लोदीपुर गांव पूरी तरह शोकाकुल था. गांव का हर आदमी शोक में डूबा हुआ था. जो जहां था वहीं चुपचाप गम में डूबा बैठा था. वहीं महिलाएं घर के दरवाजे पर तथा छतों पर सशंकित नजरों से आने-जाने वाले लोगों को निहार रही थी तथा यह जानने का प्रयास कर रही थी कि आखिर घटना हुई कैसे. कोई अस्पताल में फोन कर घटना की जानकारी लेने में जुटा हुआ था तो कोई आने-जाने वाले लोगों से पूछताछ कर रहा था. जैसे ही इस घटना की जानकारी हुई तो महिलाओं की चीत्कार से पूरा माहौल गमगीन हो गया. गांव के जिन घरों में छठ पर्व के नहाय-खाय को लेकर प्रसाद बनाये जा रहे थे उन घरों में भी प्रसाद बनाने का काम रुक गया तथा घरों के चूल्हे ठंडे पड़ गये.
