नक्सल प्रभावित गांवों की सैकड़ों महिलाएं 60 किमी दूर पहुंचीं जमुई, DM-SP को बांधी राखी, बोलीं- अब नहीं लगता डर

नक्सली गतिविधियों के खौफ से पहचाने जाने वाले इलाकों से सैकड़ों महिलाएं 60 किमी की दूरी तय कर जिला मुख्यालय पहुंचीं. उन्होंने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को राखी बांधकर बदलते माहौल और बढ़ते प्रशासनिक भरोसे की कहानी बयां की. यह आयोजन डर से भरोसे और अलगाव से जुड़ाव तक बदलते जमुई की तस्वीर पेश करता है.

कभी नक्सली गतिविधियों के खौफ से पहचाने जाने वाले जमुई के बरहट प्रखंड के सुदूरवर्ती गुरमाहा, चौरमाहा और मुहसरीटांड़ गांवों से शुक्रवार को सैकड़ों महिलाओं का जिला मुख्यालय पहुंचना सामान्य रक्षाबंधन समारोह नहीं था. करीब 50-60 किलोमीटर की दूरी तय कर समाहरणालय पहुंचीं महिलाओं ने जिलाधिकारी नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल समेत कई अधिकारियों की कलाई पर राखी बांधकर बदलते माहौल और बढ़ते प्रशासनिक भरोसे की कहानी बयां की.

कभी जहां डर था, आज वहीं से पहुंचीं महिलाएं

समाहरणालय के संवाद कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं ने अधिकारियों को राखी बांधी और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की. डीएम और एसपी ने भी महिलाओं का स्वागत करते हुए उन्हें मिठाई और उपहार भेंट किये. पूरे कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के चेहरों पर उत्साह और आत्मीयता नजर आयी.

गुरमाहा और चौरमाहा क्षेत्र कभी नक्सली गतिविधियों के कारण संवेदनशील इलाकों में शामिल रहे हैं. ग्रामीणों के अनुसार, पहले यहां भय का ऐसा माहौल था कि लोग जरूरी काम के लिए भी घरों से निकलने में संकोच करते थे. सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने, पुलिस-प्रशासन की लगातार सक्रियता और विकास योजनाओं की पहुंच बढ़ने के बाद परिस्थितियां धीरे-धीरे बदलने लगी हैं.

राखी के बहाने प्रशासन तक पहुंचा भरोसा

महिलाओं ने बताया कि अब उनके गांवों में पहले जैसा डर नहीं है. प्रशासन की ओर से सुरक्षा और विकास को लेकर किये जा रहे प्रयासों ने उनमें भरोसा पैदा किया है. इसी विश्वास को व्यक्त करने के लिए वे अपने गांवों से वाहन रिजर्व कर इतनी लंबी दूरी तय कर जिला मुख्यालय पहुंचीं.

महिलाओं का कहना था कि रक्षाबंधन पर डीएम और एसपी को राखी बांधना उनके लिए भावनात्मक क्षण है. यह केवल पर्व मनाने का अवसर नहीं, बल्कि प्रशासन के साथ अपने रिश्ते और भरोसे को मजबूत करने की पहल भी है.

डीएम बोले- यह बढ़ते विश्वास की बड़ी जीत

डीएम नवीन कुमार ने कहा कि गुरमाहा, चौरमाहा और मुहसरीटांड़ जैसे सुदूर क्षेत्रों की महिलाएं इतनी दूर से आकर प्रशासन के प्रति विश्वास व्यक्त कर रही हैं, यह बेहद खुशी की बात है. उन्होंने महिलाओं के इस स्नेह के लिए आभार जताया.

डीएम ने कहा कि इन क्षेत्रों के लोगों से जो वादे किये गये हैं, उन्हें पूरा करने की दिशा में प्रशासन तेजी से काम करेगा. जिन मूलभूत सुविधाओं की अभी कमी है, उन्हें उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि चुनाव के समय से ही इन क्षेत्रों के लोगों के साथ लगातार संवाद कायम किया जा रहा है.

रक्षाबंधन के इस आयोजन ने पर्व को एक अलग अर्थ दे दिया. जिन इलाकों को कभी भय और नक्सलवाद के कारण जाना जाता था, वहां की महिलाएं आज खुद जिला प्रशासन के बीच पहुंचकर राखी बांध रही हैं. यह तस्वीर डर से भरोसे और अलगाव से जुड़ाव तक बदलते जमुई की कहानी कहती नजर आयी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Rahul Kumar Singh

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >