जमुई. जमुई–सिकंदरा मुख्य मार्ग पर शनिवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसे में स्कॉर्पियो सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी. घटना डूंडो मोड़ के समीप उस समय हुई, जब सड़क किनारे खड़ी स्कॉर्पियो में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर फरार हो गया. मृतकों की पहचान सदर थाना क्षेत्र के चौडीहा गांव निवासी स्व मेदनी पासवान के पुत्र प्रदीप पासवान (27) तथा सूरज पासवान के पुत्र सौदागर पासवान उर्फ वापी (26) के रूप में हुई है. दोनों युवक महादेव सिमरिया निवासी पानी व अन्य सामान के थोक व्यवसायी रुपेश सिंह के यहां काम करते थे. बताया जाता है कि शनिवार देर रात दोनों युवक स्कॉर्पियो से पानी की बोतल होटल में पहुंचाने के लिए जमुई की ओर जा रहे थे. इसी दौरान डूंडो मोड़ के पास चालक वाहन सड़क किनारे रोककर लघुशंका के लिए उतर गया. तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकरायी और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से कटर मशीन के सहारे क्षतिग्रस्त वाहन को काटकर दोनों युवकों के शव बाहर निकाले गये. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के घरों में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है. पुलिस अज्ञात ट्रक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है.
ट्रक की टक्कर से स्कॉर्पियो सवार दो युवकों की मौत, परिजनों में कोहराम
जमुई–सिकंदरा मुख्य मार्ग पर शनिवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसे में स्कॉर्पियो सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी.
