सोनो . सोनो थाना में पदस्थापित दो सब-इंस्पेक्टरों को जमुई एसपी ने लाइन हाजिर कर दिया है. यह कार्रवाई ड्यूटी में लापरवाही बरतने के कारण की गयी है. मिली जानकारी के अनुसार, सोनो थाना में पदस्थापित एसआइ ब्रजेश कुमार पांडेय और एसआइ ज्योति को ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में जमुई एसपी विश्वजीत दयाल द्वारा लाइन हाजिर किया गया है. सूत्रों की मानें तो इन पदाधिकारियों के विरुद्ध ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरते जाने की शिकायत सामने आयी थी. एसपी द्वारा इन शिकायतों की जांच करायी गयी, जिसके बाद एसपी ने दोनों को तत्काल प्रभाव से लाइन हाजिर करने का आदेश जारी कर दिया. एसपी विश्वजीत दयाल ने कहा कि कार्य में लापरवाही बरतने के कारण एसआइ ब्रजेश कुमार पांडेय व एसआइ ज्योति को लाइन हाजिर किया गया है. जनता की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस का पहला दायित्व है. इसमें कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अनुशासनहीनता या लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जायेगी. एसपी की इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमा सकते में है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
