जमुई, सोनो. सोनो थाना क्षेत्र के बाबुडीह गांव स्थित टिकलाही आहर में मंगलवार को प्रतिमा विसर्जन के दौरान गहरे पानी में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गयी. मृतकों की पहचान बाबुडीह निवासी होमगार्ड जवान शंकर चौधरी के पुत्र अमरजीत कुमार (11) और रुद्र कुमार (7) के रूप में हुई है. दोनों भाई तीज पर्व के बाद गौर महादेव की प्रतीकात्मक प्रतिमा का विसर्जन करने आहर पहुंचे थे. हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और तीज की खुशियां मातम में बदल गयीं.
तीनों भाई प्रतिमा लेकर पहुंचे थे आहर
बताया गया कि शंकर चौधरी के तीन पुत्र हैं. अमरजीत तीनों भाइयों में सबसे बड़ा था, जबकि सात वर्षीय रुद्र सबसे छोटा था. मंगलवार सुबह तीनों भाई अन्य साथियों के साथ तीज की प्रतिमा लेकर टिकलाही आहर पहुंचे थे.
प्रतिमा विसर्जन के दौरान अमरजीत और रुद्र पानी में उतर गए. दोनों को आहर में पानी की गहराई का अंदाजा नहीं था. देखते ही देखते दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे.
मंझले भाई ने शोर मचाकर दी परिजनों को सूचना
दोनों भाइयों को पानी में डूबता देख मंझले भाई ने शोर मचाया और भागकर घर पहुंचा. उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी. इसके बाद परिजन और ग्रामीण बिना देर किए टिकलाही आहर पहुंचे. ग्रामीणों ने पानी में उतरकर दोनों बच्चों को बाहर निकाला और उन्हें बचाने का प्रयास किया. हालांकि तब तक दोनों की हालत गंभीर हो चुकी थी.
सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित किया
परिजन दोनों बच्चों को जिंदगी बचने की उम्मीद में तत्काल सदर अस्पताल जमुई लेकर पहुंचे. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद परिजनों की उम्मीद टूट गयी और अस्पताल परिसर में चीख-पुकार मच गयी.
होमगार्ड जवान हैं मृतकों के पिता
मृतक बच्चों के पिता शंकर चौधरी होमगार्ड जवान हैं और खैरा अंचल में पदस्थापित बताए गए हैं. एक ही हादसे में दो बेटों की मौत से परिवार गहरे सदमे में है. मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
गांव में पसरा मातम, पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
जिस घर में तीज पर्व को लेकर उत्साह का माहौल था, वहां अब मातम पसरा हुआ है. एक साथ दो मासूम भाइयों की मौत से पूरे गांव के लोग भी स्तब्ध हैं. ग्रामीण परिवार को सांत्वना देने में जुटे हैं. घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई में जुट गयी.
