बरहट . 16वीं वाहिनी एसएसबी में तैनात रहे बरहट प्रखंड के पांडेयठिका निवासी शहीद सिकंदर यादव की पुण्यतिथि पर बुधवार को प्लस टू शुक्रदास यादव राजकीय उच्च विद्यालय में श्रद्धांजलि सभा की गयी. मौके पर सर्वप्रथम शहीद सिकंदर यादव के चित्र पर माल्यार्पण कर नमन किया गया और उनकी आत्मा की शांति को मौन रखा गया. कार्यक्रम में शहीद जवान के पिता किशुन यादव, धर्मपत्नी समेत विद्यालय की प्राचार्या ईला कुमारी, एसएसबी के उप कमांडेंट गोविंद प्रसाद, इंस्पेक्टर बाल्मीकि मुनि प्रसाद, सब इंस्पेक्टर सत्यपाल सिंह, एएसआइ अनिल राणा, बरहट थानाध्यक्ष कुमार संजीव, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे. इस दौरान एसएसबी की ओर से शहीद के पिता और उनकी धर्मपत्नी को सम्मानित किया गया. सभा में उप कमांडेंट गोविंद प्रसाद ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शहीद सिकंदर यादव जैसे वीर सपूतों का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है. उन्होंने विद्यार्थियों को देशभक्ति व बलिदान की भावना को आत्मसात करने की प्रेरणा दी. जानकारी के अनुसार सिकंदर यादव ने वर्ष 1999 से 2001 तक इसी विद्यालय में अध्ययन किया था. इसके बाद उन्होंने देशसेवा का संकल्प लेते हुए सशस्त्र सीमा बल की सेवा जॉइन की. वर्ष 2018 में एक नक्सली हमले में उन्होंने वीरगति प्राप्त की.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
