बरहट. बरहट थाना क्षेत्र के खादिग्राम बंगामा के पास मलयपुर-लक्ष्मीपुर मुख्य मार्ग पर गुरुवार को ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौके पर ही मौत हो गयी. मृतक की पहचान मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के धपरी गांव निवासी अमन यादव पिता मुकेश यादव के रूप में हुई है. घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल चालक को इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रैक्टर खाली था और चालक खड़गपुर से जमुई की ओर बालू लेने आ रहा था. इसी दौरान बंगामा के पास छह माह पहले नल-जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क किनारे खोदे गये गड्ढे की मिट्टी सड़क पर ही छोड़ दी गयी थी. जैसे ही ट्रैक्टर उस मिट्टी के ढेर पर चढ़ा वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया. हादसे में चालक अमन ट्रैक्टर के इंजन और बीच के पहिये के बीच दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया. लोगों ने तुरंत उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. हालांकि इस घटना के बाद संवेदक ने सड़क पर पड़ी मिट्टी को हटा दिया .इस दर्दनाक हादसे की खबर मिलते ही मृतक के घर में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इस संबंध में बरहट थानाध्यक्ष कुमार संजीव ने बताया कि ट्रैक्टर पलटने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी. घायल चालक को तत्काल सदर अस्पताल भेजा गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से आवेदन मिलने पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
सड़क पर मिट्टी के ढेर से ट्रैक्टर पलटा, चालक की मौत
बरहट थाना क्षेत्र के खादिग्राम बंगामा के पास मलयपुर-लक्ष्मीपुर मुख्य मार्ग पर गुरुवार को ट्रैक्टर पलटने से चालक की मौके पर ही मौत हो गयी.
