बरहट. मलयपुर-लक्ष्मीपुर मुख्य मार्ग पर शनिवार की दोपहर बालू लदे ट्रैक्टर का एक्सल अचानक टूट गया. इससे ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया. सड़क किनारे बिजली पोल को तोड़ते हुए एक बुजुर्ग को अपनी चपेट में ले लिया. घायल बुजुर्ग की पहचान बरहट थाना क्षेत्र के कोयवा गांव निवासी हरि यादव के रूप में हुई है. टक्कर इतनी जोरदार थी कि वे लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें उठाकर सदर अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने सिर और शरीर पर गंभीर चोटें होने की बात कही है. फिलहाल उनकी हालत नाजुक बतायी जा रही है. वहीं मौके पर पहुंची मलयपुर थाना की एसआइ अर्चना कुमारी ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर के चालक को हिरासत में ले लिया और मामले की छानबीन में जुट गयी. चालक की पहचान मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के धपरी गांव निवासी अमरजीत यादव पिता चंद्रशेखर यादव के रूप में हुई है. बताया जाता है कि मलयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत फुलवरिया गांव के पास हरि यादव एक होटल चलाते हैं. शनिवार को वे किराना दुकान से राशन का सामान लेकर अपनी दुकान लौट रहे थे. इसी दौरान मलयपुर की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्रैक्टर संख्या BR-46G-2932 अचानक के इंजन में लगे बीच वाले पहिये का एक्सल टूटते ही अनियंत्रित हो गया. चालक ने ट्रैक्टर को संभालने की कोशिश में हैंडल किनारे की ओर मोड़ दिया. लेकिन ट्रैक्टर बिजली के पोल से टकरा गया और एक बुजुर्ग को भी जोरदार टक्कर मार दी. घटना की सूचना मिलते ही मलयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची.
कहते हैं थानाध्यक्ष
मलयपुर थानाध्यक्ष शेखर सौरव ने बताया कि सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही गश्ती दल मौके पर पहुंचा. चालक को हिरासत में लेकर थाना लाया गया है. वाहन को जब्त कर लिया गया है. उन्होंने कहा कि पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
