गिद्धौर. थाना क्षेत्र की पूर्वी गुगुलडीह पंचायत अंतर्गत जलगोड़वा गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर में सेंधमारी कर नकदी समेत करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवरात की चोरी कर ली. जानकारी के अनुसार, जलगोड़वा निवासी उमेश यादव के घर चोरों ने पीछे की दीवार काटकर कमरे में प्रवेश किया और चोरी की वारदात को अंजाम दिया. पीड़ित गृहस्वामी ने बताया कि रात में सभी परिजन खाना खाने के बाद छत पर सोने चले गए थे, जबकि उनकी बुजुर्ग मां दरवाजे पर सो रही थीं. इसी दौरान चोरों ने घर के पिछले हिस्से से सेंधमारी कर कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़ दिया. चोर लगभग 32 हजार रुपये नकद, दो जोड़ी सोने की बालियां, चांदी की पायल, कमरधनी सहित करीब 1.50 लाख रुपये मूल्य के जेवरात ले उड़े. इसके अलावा कांसा के बर्तन, नए कपड़े और अन्य जरूरी सामान भी चोर अपने साथ ले गये. घटना की जानकारी सुबह तब हुई, जब बच्चे छत से नीचे उतरे और कमरे की दीवार कटी देखी. अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था और नकदी-जेवरात गायब थे. घटना को लेकर उमेश यादव ने गिद्धौर थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गयी है.
सेंधमारी कर घर से नकदी व डेढ़ लाख के जेवरात की चोरी
थाना क्षेत्र की पूर्वी गुगुलडीह पंचायत अंतर्गत जलगोड़वा गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक घर में सेंधमारी कर नकदी समेत करीब डेढ़ लाख रुपये के जेवरात की चोरी कर ली.
