जमुई जिले को मिले 113 नये सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी

विधानसभा चुनाव से पूर्व स्वास्थ्य विभाग की ओर से जमुई जिले के नौ प्रखंडों में कुल 113 नये सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों की पदस्थापना की गयी है.

जमुई . विधानसभा चुनाव से पूर्व स्वास्थ्य विभाग की ओर से जमुई जिले के नौ प्रखंडों में कुल 113 नये सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों की पदस्थापना की गयी है. बताते चलें कि ग्रामीण एवं सुदूर क्षेत्रों में डॉक्टरों की कमी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्थापित आयुष्मान आरोग्य मंदिर एवं स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर इनको पदस्थापित कर छोटी मोटी चिकित्सीय सुविधाओं के साथ साथ भारत सरकार एवं बिहार सरकार द्वारा चलाये जा रहे स्वास्थ्य योजनाओं को सुलभ कराया जाने की कार्ययोजना है. इस पदस्थापना की सूचना देते हुए पूर्व एमएलसी संजय प्रसाद ने बताया कि चकाई एवं सोनो प्रखंड की भौगोलिक दुर्गमता एवं जिला मुख्यालय से अत्यधिक दूरी के कारण अक्सर वहां के गरीब अपने गांव या पंचायत में चिकित्सीय सुविधाओं की मांग करते थे, जिसको लेकर सूबे के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत एवं राज्य स्वास्थ्य समिति बिहार के कार्यपालक निदेशक सुहर्ष भगत से मिलकर अधिक से अधिक सीएचओ की पदस्थापना के लिए मैं काफी समय से सचेष्ट था. इसका सुफल यह हुआ कि गुरुवार को जारी आदेश में सबसे अधिक 34 सीएचओ चकाई विधान सभा क्षेत्र को मिले हैं जिनमें चकाई प्रखंड में 18 और सोनो प्रखंड में 16 हैं. पूर्व विधान पार्षद ने बताया कि मेरे गृह पंचायत के लोगों का भी काफी दवाब था जिसके कारण जमुई प्रखंड में कुल 13 नए सीएचओ में 3 सिर्फ कुन्दरी सनकुरहा पंचायत के तीन आयुष्मान आरोग्य केंद्र कुन्दरी, खड़सारी और सनकुरहा को मिले हैं. संजय प्रसाद ने इस अवसर पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे एवं मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की पदस्थापना होने से ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र अब नियमित रूप से क्रियाशील होंगे जहां से लोगों को आयुष्मान कार्ड बनवाने से लेकर गर्भवती औरतों की प्रसव पूर्व जाँच, आभा कार्ड, संपूर्ण टीकाकरण, दवाएं, संक्रामक रोगों के रोकथाम के उपाय, विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम से जनसामान्य को लाभ पहुंचेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >