जमुई. जमुई-मलयपुर मुख्य मार्ग के खैरमा मोहल्ला के समीप बीते शनिवार की देर रात तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार शिक्षक और एमडीएम कर्मी घायल हो गये. जिसे 112 नंबर की पुलिस द्वारा इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया. घायल शिक्षक की पहचान बरहट थाना क्षेत्र के टेंगहरा गांव निवासी कृष्णा यादव के रूप में हुई है, जबकि घायल एमडीएम कर्मी की पहचान इंद्रदेव यादव के रूप में हुई है. बताया जाता है कि शिक्षक और एमडीएम कर्मी बाइक पर सवार होकर बरहट की ओर से वापस जमुई लौट रहे थे, जैसे ही उनकी बाइक खैरमा मोहल्ला के समीप पहुंची. तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक टक्कर मारते हुए फरार हो गया. स्थानीय लोगों की सूचना पर 112 नंबर की पुलिस द्वारा घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया. सदर अस्पताल में इलाजरत शिक्षक की स्थिति गंभीर बनी हुई है, जबकि एमडीएम प्रभारी की हालत खतरे से बाहर बतायी जा रही है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
