विवाहिता की संदिग्ध स्थिति में मौत, ससुराल वालों पर हत्या करने का आरोप

प्रखंड मुख्यालय सोनो में विवाहित महिला की संदिग्ध स्थिति में मौत के बाद उसके ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना व उसकी हत्या का आरोप लगा है.

सोनो . प्रखंड मुख्यालय सोनो में विवाहित महिला की संदिग्ध स्थिति में मौत के बाद उसके ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना व उसकी हत्या का आरोप लगा है. मृतक महिला की पहचान सोनो निवासी अमरजीत सिंह की पत्नी काजल कुमारी (28) के रूप में हुई है. मृतक काजल का मायके सोनो प्रखंड अंतर्गत चुरहेत गांव के बिजुआही टोला में है. सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस ने काजल का शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए जमुई भेज दिया और ससुराल पक्ष से कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है. मायके वालों ने काजल के पति अमरजीत सहित उसके सास ससुर और पूरे परिवार पर दहेज प्रताड़ना करते हुए काजल की हत्या करने का आरोप लगा है. काजल की मां मुन्नी देवी और पड़ोस की कई महिलाएं, परिवार के अन्य सदस्य व दर्जनों ग्रामीण के साथ सोनो थाना आये और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की. मृतक महिला की माता बिजुआही निवासी मुन्नी देवी पति सदन सिंह ने सोनो थाना में शिकायती आवेदन देकर काजल के पति अमरजीत सिंह, ससुर प्रकाश सिंह व सास रीना देवी सहित भैसुर, देवर व ननद पर शादी के बाद से ही दहेज को लेकर प्रताड़ित करने और बीते रात्रि हत्या करने का आरोप लगाया है. वे बताती हैं कि अपनी इकलौती पुत्री काजल की शादी वर्ष 2023 में सोनो निवासी प्रकाश सिंह के पुत्र अमरजीत सिंह के साथ की थी. शादी के कुछ दिन बाद से ही दामाद ने मेरी बेटी पर मायके से पांच लाख रुपये लाने का दबाव बनाने लगा. उक्त राशि से वह कोई बिजनेस करना चाहते थे. हमलोग उतनी बड़ी राशि देने से असमर्थ थे. मना करने पर सभी लोगों द्वारा उसे प्रताड़ित किया जाने लगा. इस बीच काजल को एक बेटी भी हुई. इसके बाद से उसके साथ प्रताड़ना और बढ़ गया और अंततः बीते 14 सितंबर की रात्रि सभी ने मिलकर बेटी की हत्या कर दी. सूचना मिलते ही हमलोग उसके ससुराल पहुंचे और मशक्कत के बाद बेटी का शव देखा. मृतका की चाची सपना देवी बताती है कि अमरजीत दो माह पहले ही काजल को जबरन चुरहेत से विदा कराकर ले गया था. मायके से बातचीत करने पर भी पाबंदी थी. सोमवार की सुबह दांत दर्द का बहाना कर झाझा ले जाने की बात कही लेकिन थोड़ी देर बाद मौत की खबर मिल गयी. परिजनों का कहना है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर काजल को गले में फंदा लगाकर मार डाला गया. फिलहाल पुलिस ने आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. पूरे मामले को लेकर कार्रवाई की जा रही है और कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है.

बेटी का शव देख फफक पड़ी मां, चाची और बहन के चीत्कार से लोग गमगीन

बेटी की हत्या की खबर सुनकर सोनो पहुंची काजल की मां मुन्नी देवी अपनी बेटी का शव देखते ही बदहवास हो गई. उसके चीत्कार से लोगों की आंखें भर आई. मौके पर पहुंची काजल की कई चाची और बहनों के क्रंदन ने माहौल को गमगीन कर दिया. बिलखती औरतें कह रही थी कि जितिया में मां द्वारा ईश्वर से मांगी गई बच्चों की लंबी उम्र की प्रार्थना भी अनसुनी कर दी. अभी काजल की उम्र ही क्या थी. ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी करने के बाद दो वर्ष पूर्व पूरे उल्लास और खुशी से उसकी शादी की थी. एक वर्ष की उसकी बेटी भी है. पिता और चाचा लुधियाना में प्राइवेट नौकरी करते है. काजल सभी चाचियां की चहेती थी. उसकी मौत से जहां औरतें गमगीन थी वहीं उसके ससुराल वाले पर आक्रोशित भी थी. घर पर काजल के दादा दादी सदमे में है. जबकि घर की बेटी की मौत से बिजुआही टोला में लोग शोक में डूबे है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >