सिमुलतला. एसएसबी 16 वीं वाहिनी, जमुई के कमांडेंट अनिल कुमार पठानिया के निर्देशानुसार सोमवार को बी समवाय सिमुलतला के कार्यक्षेत्र अंतर्गत चौधरिया गांव में छह दिवसीय निःशुल्क सिलाई प्रशिक्षण शिविर की शुरुआत की गयी. यह प्रशिक्षण शिविर एसएसबी द्वारा ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. शिविर का शुभारंभ प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार की उपस्थिति में हुआ. उन्होंने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में महिलाओं के पास कोई न कोई हुनर होना आवश्यक है, जिससे वे स्वावलंबी बन सके. उन्होंने कहा कि यह सिलाई प्रशिक्षण उन्हें एक ऐसा कौशल देगा, जिससे वे न केवल घर पर उपयोगी वस्तुएं बना सकेंगी बल्कि इससे आर्थिक रूप से भी लाभान्वित हो सकती हैं. एसएसबी द्वारा सुरक्षा के साथ-साथ समाज सेवा के क्षेत्र में भी कई कार्य किए जा रहे हैं. इससे पहले भी एसएसबी द्वारा गांवों में स्वास्थ्य शिविर, पौधारोपण, खेलकूद प्रतियोगिता और विभिन्न प्रकार के व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं. इस अवसर पर दर्जनों ग्रामीण महिलाएं प्रशिक्षण के लिए उपस्थित रहीं, वहीं एसएसबी सिमुलतला के कई जवान भी मौके पर मौजूद थे. ग्रामीणों ने एसएसबी द्वारा लिए गए इस पहल की सराहना की और कहा कि इससे गांव की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
