डाकघर में कर्मियों की मनमानी से स्पीड पोस्ट सेवा प्रभावित, समय का नहीं हो रहा पालन

गिद्धौर उप डाकघर में स्पीड पोस्ट सेवा को लेकर कर्मचारियों की मनमानी सामने आने से आम उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ गयी है.

गिद्धौर. गिद्धौर उप डाकघर में स्पीड पोस्ट सेवा को लेकर कर्मचारियों की मनमानी सामने आने से आम उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ गयी है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि डाकघर में निर्धारित सरकारी समय सारणी का पालन नहीं किया जा रहा, बल्कि कर्मचारी अपनी सुविधा के अनुसार स्पीड पोस्ट बुकिंग का समय तय कर रहे हैं. ग्राहकों का कहना है कि डाकघर पहुंचने पर उन्हें यह कहकर लौटा दिया जाता है कि स्पीड पोस्ट बुकिंग केवल दोपहर 12 बजे तक ही होगी. वहीं सामान्य दिनों में भी यह सेवा अधिकतम दोपहर 2 बजे तक सीमित कर दी जाती है. इसके बाद आने वाले लोगों को अगले दिन आने की सलाह देकर वापस भेज दिया जाता है. इस मामले में एक जागरूक नागरिक द्वारा सूचना का अधिकार (आरटीआइ) के तहत मांगी गयी जानकारी में खुलासा हुआ है कि डाकघरों में रजिस्ट्री एवं स्पीड पोस्ट सेवा सोमवार से शुक्रवार सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक और शनिवार को सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक उपलब्ध रहनी चाहिए. इसके बावजूद गिद्धौर उप डाकघर में इन नियमों की अनदेखी की जा रही है. स्थिति और भी गंभीर तब दिखी जब पाया गया कि डाकघर परिसर में कहीं भी कार्य समय से संबंधित कोई आधिकारिक सूचना या टाइम टेबल बोर्ड नहीं लगाया गया है. इससे आम लोगों को सही समय की जानकारी नहीं मिल पाती और वे कर्मचारियों द्वारा बताए गए सीमित समय को ही मानने को मजबूर हो जाते हैं.

लंच ब्रेक को लेकर कोई स्पष्ट सूचना नहीं

शनिवार को भी दोपहर 12 बजे के बाद स्पीड पोस्ट कराने पहुंचे कई ग्राहकों को क्लर्क नंदलाल कुमार एवं एमटीएस प्रेम प्रकाश द्वारा ‘हाफ डे’ का हवाला देकर लौटा दिया गया. एक ग्राहक द्वारा मोबाइल पर विभाग की आधिकारिक समय सारणी दिखाने के बावजूद कर्मचारियों ने इसे नजरअंदाज करते हुए ‘ऑफलाइन नियम’ की बात कही. लंच ब्रेक को लेकर भी कोई स्पष्ट सूचना प्रदर्शित नहीं की गई है, जबकि कर्मचारी लगभग आधे घंटे का अवकाश लेते हैं. आरटीआई के अनुसार, लंच ब्रेक टर्न बाय टर्न निर्धारित होता है ताकि सेवा बाधित न हो, लेकिन व्यवहार में इसका पालन नहीं किया जा रहा है.

दोपहर दो बजे के बाद स्पीड सेवा कर दिया जाता है बंद

स्थानीय उपभोक्ताओं ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि सोमवार से शुक्रवार तक भी स्पीड पोस्ट का कार्य दोपहर 2 बजे के बाद बंद कर दिया जाता है, जबकि शनिवार को 12 बजे के बाद सेवा पूरी तरह ठप हो जाती है. इससे खासकर दूर-दराज से आने वाले लोगों को निराश होकर लौटना पड़ता है. इस पूरे मामले ने डाक विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. उपभोक्ताओं ने विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि गिद्धौर उप डाकघर में समय सारणी का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए, सूचना बोर्ड लगाया जाए और कर्मचारियों की मनमानी पर रोक लगाई जाए. वहीं इस संबंध में गिद्धौर उप डाकघर के पोस्टमास्टर नागेंद्र कुमार ने कहा कि इस तरह का कोई मामला उनकी जानकारी में नहीं है. यदि वरीय अधिकारियों को लिखित शिकायत दी जाती है, तो मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >