मॉडलिंग से अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचीं जमुई की लक्ष्मी, श्रेयसी सिंह बोलीं- बेटियों की प्रतिभा और आत्मविश्वास की प्रतीक

जमुई की मॉडल लक्ष्मी भार्गव ने मिस रीना हिस्पानोअमेरिकाना इंडिया 2026 का प्रतिष्ठित खिताब जीतकर देश का नाम रोशन किया है. 2021 में मॉडलिंग करियर शुरू करने वाली लक्ष्मी अब फरवरी 2027 में अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी.

जमुई : शहर के हरनाहा मोहल्ला निवासी मॉडल लक्ष्मी भार्गव ने मिस रीना हिस्पानोअमेरिकाना इंडिया 2026 का प्रतिष्ठित खिताब जीतकर जमुई समेत पूरे बिहार का नाम रोशन किया है. उनकी इस उपलब्धि पर उद्योग सह खेल मंत्री और अर्जुन अवार्डी श्रेयसी सिंह ने लक्ष्मी को शुभकामनाएं देते हुए बधाई दी है.

श्रेयसी सिंह ने अपने संदेश में लक्ष्मी की सफलता को जमुई, बिहार और पूरे देश के लिए गर्व का विषय बताया. उन्होंने कहा कि लक्ष्मी ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास, अथक मेहनत और उत्कृष्ट व्यक्तित्व के बल पर प्रतिष्ठित मंच पर अपनी पहचान बनाई है.

उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि और महिला के रूप में लक्ष्मी की सफलता पर उन्हें प्रसन्नता और गर्व है. उनकी उपलब्धि बिहार की बेटियों की प्रतिभा, सामर्थ्य और आत्मविश्वास का प्रतीक है. श्रेयसी सिंह ने लक्ष्मी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वह आगे भी सफलता की नई ऊंचाइयां हासिल कर देश, समाज और जमुई का नाम रोशन करेंगी.

2021 में शुरू हुआ मॉडलिंग का सफर

लक्ष्मी भार्गव के मॉडलिंग करियर की शुरुआत वर्ष 2021 में हुई. पटना में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उन्होंने बेस्ट स्माइल अवॉर्ड जीतकर अपनी पहचान बनाई.

इसके बाद फरवरी 2022 में उन्होंने मिस बेतिया का खिताब जीता. इसी वर्ष उन्होंने मिस टीन इंडिया सुपरमॉडल का खिताब भी अपने नाम किया. लगातार प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन के बाद वर्ष 2025 में लक्ष्मी ने मिस फेस ऑफ इंडिया का खिताब हासिल किया.

इसके बाद उन्होंने मिस साउथ एशिया यूनिवर्स प्रतियोगिता में सेकेंड रनर-अप रहकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया.

अहमदाबाद में जीता प्रतिष्ठित राष्ट्रीय खिताब

लक्ष्मी की उपलब्धियों का सिलसिला आगे भी जारी रहा. 23 अगस्त 2026 को अहमदाबाद के ईकेए एरिना में आयोजित ग्रैंड फिनाले में उन्होंने मिस रीना हिस्पानोअमेरिकाना इंडिया 2026 का खिताब जीता. प्रतियोगिता में उन्होंने बिहार का प्रतिनिधित्व किया.

खिताब जीतने के बाद लक्ष्मी ने इसे अपने जीवन का बेहद सुखद और गौरवशाली पल बताया. उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के मार्गदर्शन और उनके अटूट भरोसे को दिया.

अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर करेंगी भारत का प्रतिनिधित्व

राष्ट्रीय स्तर पर खिताब जीतने के बाद लक्ष्मी भार्गव के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच का रास्ता भी खुल गया है. फरवरी 2027 में होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में वह भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी. उनकी इस उपलब्धि से जमुई और बिहार के लोगों में भी खुशी है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By गुलशन कश्यप

गुलशन कश्यप प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >