जमुई . जिला प्रशासन के निर्देश पर शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राम दुलार राम, गोपनीय प्रभारी सह जिला पंचायत राज पदाधिकारी बीरेंद्र कुमार, स्थापना उप समाहर्ता नागमणि कुमार वर्मा, सामान्य शाखा प्रभारी सावन कुमार की उपस्थिति में जनता दरबार का आयोजन किया गया. इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आये फरियादियों से उनकी समस्याएं सुनी गयीं और कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया. कुछ मामलों को संबंधित विभागों को अग्रसारित कर कार्रवाई का निर्देश दिया गया. जन संपर्क पदाधिकारी भानु प्रकाश ने बताया कि प्रत्येक शुक्रवार को जनता दरबार आयोजित कर लोगों की समस्याएं सुनी जाती हैं और उन पर यथोचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है. भूमि बंटवारा, अतिक्रमण, दाखिल-खारिज, पेंशन, इंदिरा आवास, स्वास्थ्य सेवा, विवादित भूमि, चयन प्रक्रिया, सेवांत लाभ, बिजली चोरी, सामाजिक सुरक्षा समेत विभिन्न मामलों की सुनवाई की गई. अधिकारियों ने कहा कि जनता की कठिनाइयों को दूर करना ही मुख्य उद्देश्य है. सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचे इसके लिए कड़े कदम उठाए जा रहे हैं. जनता दरबार में समाज कल्याण विभाग की निदेशक काजल मोदी, पीएचइडी, विद्युत विभाग से आइटी मैनेजर समेत कई पदाधिकारी के साथ-साथ फरियादी मौजूद रहे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
