झाझा. मानक के विरुद्ध बालू उठाव करने के विरोध में शनिवार को ग्रामीणों ने महापुर गांव के समीप उलाय नदी के किनारे हंगामा किया. आक्रोशित ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की. ग्रामीण मालू यादव, राज यादव, रंजीत यादव, दिलीप यादव, रवि कुमार, मो मुख्तार, मो राजा अंसारी समेत अन्य लोगों ने बताया कि बालू उठाव में बालू संवेदक के द्वारा नियम के विरुद्ध काम किया जा रहा है. सरकार के द्वारा निर्धारित मानक का ध्यान नहीं रखा जा रहा है. अगर ग्रामीणों के द्वारा इसे लेकर पूछताछ की जाती है तो उल्टे संवेदक के कर्मियों के द्वारा रौब जताया जाता है और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जाती है. बालू उठाव के दौरान अत्यधिक गड्ढा हो जाने से क्षेत्र के लोगों को जानमाल का खतरा होने की आशंका बनी रहती है. लोगों ने कहा कि अगर जिला प्रशासन के द्वारा नदी घाट पर औचक निरीक्षण किया जाये तो बालू संवेदक की मनमानी का साफ पता चल जायेगा. लोगों ने जिला प्रशासन से अविलंब इस पर रोक लगाने और मानक के अनुरूप ही बालू उठाव की व्यवस्था सुनिश्चित करवाने की मांग की. मौके पर कई लोग मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
