शिव शक्ति महायज्ञ को लेकर रेलवे अलर्ट, सिमुलतला स्टेशन पर किया सुरक्षा व सुविधाओं का विस्तार

आठ से 17 मार्च तक आयोजित होने वाले शिव शक्ति महायज्ञ को लेकर रेलवे पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है

सिमुलतला. आठ से 17 मार्च तक आयोजित होने वाले शिव शक्ति महायज्ञ को लेकर रेलवे पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है. श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए सिमुलतला रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा और यात्री सुविधाओं को दुरुस्त कर दिया गया है. रेलवे प्रशासन ने स्टेशन पर लंबी कतार से बचने के लिए अतिरिक्त टिकट खिड़कियों की व्यवस्था की है. ये टिकट काउंटर सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक खुले रहेंगे. इसके साथ ही यात्रियों की सुविधा के लिए एक नया पूछताछ काउंटर भी शुरू किया गया है, जहां से श्रद्धालु ट्रेनों और अन्य आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे. श्रद्धालुओं के ठहरने की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दुर्गा मंदिर के समीप 40 बाय 40 वर्ग फुट का एक बड़ा होल्डिंग एरिया बनाया गया है. इसके अलावा स्टेशन के नये भवन में बने प्रतीक्षालयों को भी यात्रियों के उपयोग के लिए खोल दिया गया है, ताकि भीड़ के समय लोगों को बैठने और रुकने में परेशानी न हो. यात्रियों के लिए साफ और ठंडे पानी की व्यवस्था भी की गयी है. प्लेटफॉर्म नंबर एक और दो पर नये वाटर बूथ स्थापित किए गए हैं, जिससे किसी भी श्रद्धालु को पानी की कमी न हो.

30 आरपीएफ जवानों के साथ दर्जनों रेलवे कर्मचारी रहेंगे तैनात

सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए रेलवे ने विशेष तैयारी की है. स्टेशन परिसर में 30 आरपीएफ जवानों के साथ दर्जनों रेलवे कर्मचारी तैनात रहेंगे. वहीं पूरे स्टेशन परिसर की निगरानी के लिए 15 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. अनाधिकृत प्रवेश को रोकने के लिए स्टेशन परिसर में लोहे की मजबूत फेंसिंग की जा रही है. साथ ही स्टेशन परिसर को साफ-सुथरा और बाधामुक्त बनाने के लिए पुरानी ईंटें, केबल और टूटी बेंचों को हटा दिया गया है. रेलवे प्रशासन के अनुसार स्टेशन के शौचालयों की दिन में दो बार विशेष सफाई की जाएगी तथा रात के समय रोशनी की व्यवस्था बनाए रखने के लिए इमरजेंसी पावर बैकअप (डीजी सेट) भी लगाया गया है. रेलवे ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि महायज्ञ के दौरान स्टेशन परिसर में निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करें, ताकि भीड़ को नियंत्रित रखा जा सके और सभी यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित की जा सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >