गिद्धौर. आध्यात्मिक चेतना, प्रेम और मानव सेवा का संदेश लेकर निकल रही श्री सत्य साईं प्रेम प्रवाहिनी रथ यात्रा के जमुई जिले में आगमन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गयी हैं. इसको लेकर गिद्धौर स्थित लाइफ हेल्थ मेडिकल यूनिट परिसर में श्रीसत्य साईं सेवा संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गयी, जिसमें रथ यात्रा के स्वागत, ठहराव और कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गयी. बैठक की अध्यक्षता श्री सत्य साईं सेवा संगठन के जिलाध्यक्ष मुन्ना कुमार ने की. बैठक में संगठन के पदाधिकारियों व साईं भक्तों ने रथ यात्रा के सफल आयोजन के लिए विभिन्न जिम्मेदारियों का निर्धारण किया तथा अधिक से अधिक श्रद्धालुओं की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया. जिलाध्यक्ष मुन्ना कुमार ने बताया कि आध्यात्मिक गुरु सत्य साईं बाबा के जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर देशभर में निकाली जा रही यह श्रीसत्य साईं प्रेम प्रवाहिनी रथ यात्रा 18 और 19 मार्च को जमुई जिले में पहुंचेगी. उन्होंने बताया कि 18 मार्च को बांका जिले से श्रद्धालु इस रथ को रिसीव करेंगे और उसी दिन इसका ठहराव श्री सत्य साईं सेवा समिति झाझा में होगा, जहां श्रद्धालु बाबा के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे. इसके बाद 19 मार्च को यह रथ गिद्धौर पहुंचेगा, जहां श्री सत्य साईं सेवा समिति गिद्धौर के तत्वावधान में श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे. वहीं 20 मार्च को रथ यात्रा जमुई से प्रस्थान कर नालंदा जिले के लिए रवाना हो जायेगी. बैठक में बताया गया कि यह रथ केवल एक वाहन नहीं, बल्कि चलता-फिरता आध्यात्मिक मंदिर के समान है. स्वर्ण नक्काशी और गेंदे के फूलों से सुसज्जित इस भव्य रथ पर सत्य साईं बाबा की मुस्कुराती तस्वीर के साथ उनका संदेश सबसे प्रेम करो, सबकी सेवा करो अंकित है. रथ के चारों ओर बाबा के प्रेरणादायी विचार लिखे गए हैं, जो जाति-पाति और भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता, प्रेम और सेवा का संदेश देते हैं. वक्ताओं ने कहा कि सत्य साईं बाबा का जीवन मानवता की सेवा, प्रेम और करुणा का संदेश देता है. प्रेम और सेवा ही सच्चा धर्म है, जिसे हर व्यक्ति को अपने जीवन में अपनाने की आवश्यकता है. यह रथ यात्रा विश्व शांति, भाईचारे और सेवा भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निकाली जा रही है. बैठक में कपिलदेव साह, गणेश पंडित, योगेश कुमार, अवधेश यादव, रितेश कुमार, रॉकी कुमार सहित कई साईं भक्त मौजूद थे. सभी ने रथ यात्रा के सफल आयोजन और अधिकाधिक श्रद्धालुओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया.
श्री सत्य साईं प्रेम प्रवाहिनी रथ यात्रा के स्वागत की तैयारी तेज
आध्यात्मिक चेतना, प्रेम और मानव सेवा का संदेश लेकर निकल रही श्री सत्य साईं प्रेम प्रवाहिनी रथ यात्रा के जमुई जिले में आगमन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गयी हैं.
