जमुई जिले के चकाई प्रखंड अंतर्गत चंद्रमंडीह थाना पुलिस ने कियाजोरी पंचायत के बलिया डाबर बालू घाट पर बीते तीन अगस्त को हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा कर दिया है. थानाध्यक्ष गजेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को धर दबोचा. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से चोरी किए गए सभी सामान को भी सकुशल बरामद कर लिया है.
फरीयताडीह गांव से दबोचा गया आरोपी
थानाध्यक्ष गजेंद्र कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर बीचकोड़वा थाना क्षेत्र के फरीयताडीह पंचायत अंतर्गत सुंदरटाड़ गांव में छापेमारी की गई. छापेमारी के दौरान रामशरण दास के पुत्र आनंद कुमार दास को गिरफ्तार किया गया. कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने बालू घाट पर हुई चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली.
आरोपी के घर से बरामद हुए ये सामान
गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम ने उसके घर में छुपाकर रखे गए चोरी के सामान बरामद किए. बरामद सामानों में 3 बड़ी बैटरियां, स्टेबलाइजर और इनवर्टर शामिल हैं, जिन्हें जब्त कर थाने लाया गया है. पुलिसिया पूछताछ में आरोपी ने क्षेत्र में सक्रिय चोर गिरोह और घटना से जुड़े कई अहम सुराग दिए हैं. इसके आधार पर पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है.
3 अगस्त को दर्ज कराई गई थी शिकायत
उल्लेखनीय है कि बलिया डाबर बालू घाट के मुंशी विनय कुमार (निवासी: रामचंद्रपुर, थाना: पिपरिया, जिला: लखीसराय) ने 3 अगस्त को थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कराया था. इस सफल कार्रवाई दल में थानाध्यक्ष के साथ अपर थानाध्यक्ष लक्ष्मण प्रसाद सिंह, अवर निरीक्षक ब्यूटी कुमारी, बीचकोड़वा थानाध्यक्ष राहुल कुमार और पुलिस बल के जवान शामिल थे. इलाके में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बीच इस गिरफ्तारी से चोरी की वारदातों पर अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है.
