सोनो. प्रखंड मुख्यालय सोनो की चौड़ी मुख्य सड़कें सिकुड़ कर गली की तरह होती जा रही हैं. चौक पर एनएच 333 की सड़क हो या फिर चौक से बाजार जाने वाली मुख्य सड़क हो सभी की स्थिति चिंताजनक है. वाहनों का आवागमन मुश्किलों से भरा हो रहा है. सड़कों का अस्थाई अतिक्रमण चरम पर है. सड़क पर ही वाहनों का पड़ाव होता है और ठेला सहित अस्थाई दुकानें भी सड़क पर सजती है. सड़कों के फ्लैंक (किनारा) पूरी तरह सामने के दुकानदारों द्वारा अतिक्रमित कर लिया गया है. अच्छी खासी चौड़ी सड़क के आधे से भी कम चौड़ी होने से अब वाहनों को गुजरने में कठिनाई होती है. आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है. जाम के कारण किसी की परीक्षा छूटती है तो किसी की ट्रेन छूटती है. जाम में मरीजों के वाहन भी फंसते है जिससे उनकी जान पर बन आती है. लोगों की भारी परेशानी के बावजूद प्रशासन खामोश है. जिम्मेदार उदासीन है. दो ढाई माह पूर्व प्रशासन द्वारा अतिक्रमण मुक्त अभियान चलाया गया. उस समय सोनो चौक सहित एनएच पर भी अभियान के तहत कार्रवाई हुईं. सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराया गया. हालांकि चौक से बाजार जाने वाली मुख्य सड़क पर तब भी सिर्फ खानापूर्ति हुई. अभियान खत्म होते ही स्थिति पूर्ववत हो गई. फिर से सड़क पर वाहनों का पड़ाव होता है और अस्थायी दुकानें लग रही है. एनएच 333 की मुख्य सड़क हो या फिर चौक से बाजार जाने वाली सड़क सभी पर अतिक्रमण के कारण जाम की स्थिति बन रही है. एनएच पर चौक के समीप जैसे ही दोनों ओर से भारी वाहन आते है जाम लग जाता है क्योंकि सड़क के दोनों ओर पहले से ही लोग अपने वाहन को खड़े किए रहते है. कभी कभी तो जाम की स्थिति भीषण हो जाती है. सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को चौक पर स्थिति और भी खराब हो जाता है क्योंकि बाबा झुमराज मंदिर जाने वाले वाहनों का दबाव सड़क पर काफी बढ़ जाता है. कई स्थानों पर पैदल निकलना भी दुश्वार हो जाता है. स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या किसी एक दिन की नहीं बल्कि हर दिन इससे जूझना पड़ता है. बालू लदे ट्रक रोजाना सोनो चौक को ठप कर देते हैं. वहीं सोनो–खैरा, सोनो–झाझा, सोनो–चकाई और सोनो–चरकापत्थर मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें यातायात प्रबंधन की कमजोरी को उजागर करती हैं. वाहनों के भीषण दवाब के बावजूद यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने को लेकर प्रशासन उदासीन है. मजबूरी यह कि यहां न तो वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था है और न ही ट्रैफिक नियंत्रण की ठोस व्यवस्था.
सोनो की मुख्य सड़कों की स्थिति गली जैसी, अतिक्रमण से लोग परेशान
प्रखंड मुख्यालय सोनो की चौड़ी मुख्य सड़कें सिकुड़ कर गली की तरह होती जा रही हैं.
