बरहट. प्रखंड क्षेत्र के किऊल नदी तट स्थित पत्नेश्वर धाम मंदिर में भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह उत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं. मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से सजाया गया है जो शाम होते ही दुधिया प्रकाश से जगमगा उठता है. मंदिर मुख्य पुजारी राजीव कुमार पांडेय ने बताया कि रविवार की देर रात वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती का विवाह संपन्न कराया जायेगा. विवाह से पूर्व संध्या 6 से 7 बजे के बीच बाबा की भव्य बारात मंदिर परिसर से निकाली जायेगी, जो पतौना चौक, मलयपुर बस्ती होते हुए खैरमा मार्ग से पुनः मंदिर लौटेगी. उन्होंने बताया कि विवाह महोत्सव में शामिल होने के लिए विभिन्न स्थानों से शिवभक्तों की टोलियां मंदिर पहुंच चुकी हैं. श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पूजा समिति द्वारा भोजन की भी विशेष व्यवस्था की गयी है ताकि अधिक से अधिक लोग इस धार्मिक आयोजन में शामिल हो सकें. बताते चलें की पत्नेश्वर धाम मंदिर में हर वर्ष भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह का आयोजन भव्य रूप से किया जाता है. इसमें आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं. इस अवसर पर 11 दिवसीय अखंड रामधुन यज्ञ भी आयोजित किया गया है. मान्यता है कि सावन माह में किऊल नदी में स्नान कर सच्चे मन से भगवान शिव का जलाभिषेक करने पर श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं तथा कई लोग इसे रोग मुक्ति से भी जोड़कर देखते हैं.
शिव विवाह उत्सव को लेकर सज-धज कर तैयार हुआ पत्नेश्वर धाम
प्रखंड क्षेत्र के किऊल नदी तट स्थित पत्नेश्वर धाम मंदिर में भगवान शिव और माता पार्वती के विवाह उत्सव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं.
