चकाई में विकास योजनाओं के बंटवारे को लेकर विवाद, प्रमुख पर मनमानी के आरोप
Jamui News: सरौन.
चकाई प्रखंड में पंचायत समिति मद की राशि के उपयोग को लेकर विवाद गहरा गया है. प्रखंड उप प्रमुख धांती देवी ने जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं जिला पंचायती राज पदाधिकारी को लिखित शिकायत देकर प्रखंड प्रमुख उर्मिला देवी पर पद के दुरुपयोग, वित्तीय अनियमितता तथा विकास योजनाओं में मनमानी करने का आरोप लगाया है. उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है.पंचायतों में असमान राशि आवंटन का आरोप
उप प्रमुख द्वारा सौंपे गए शिकायत पत्र में कहा गया है कि पंचायत समिति मद से प्राप्त राशि का उपयोग सभी पंचायतों में संतुलित विकास के लिए नहीं किया गया. आरोप है कि प्रमुख के पंचायत पेटारपहाड़ी में लगभग दो करोड़ रुपये से अधिक की योजनाएं संचालित की गईं, जबकि डढ़वा, बौगी, पोझा, चौफला, रामसिंहडीह, नावाडीह, सिलफारी, घुटवे, सरौन व माधोपुर सहित अन्य पंचायतों को अपेक्षाकृत कम राशि आवंटित की गई, जिससे वहां विकास कार्य प्रभावित हुए.
1.40 करोड़ की जिम योजना पर उठे सवाल
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि पंचायत समिति की सामान्य बैठक में प्रस्ताव पारित किए बिना ही 27 यूनिट जिम स्थापना के नाम पर करीब 1.40 करोड़ रुपये की राशि निकाली गई. उप प्रमुख का कहना है कि यह कार्रवाई पंचायत राज विभाग के नियमों एवं निर्धारित प्रक्रियाओं के विपरीत की गई. साथ ही बैठक पंजी में हस्ताक्षर लेने के बाद प्रस्तावों में फेरबदल कर नए प्रस्ताव जोड़ने का भी आरोप लगाया गया है.
तकनीकी सहायक की भूमिका पर भी सवाल
शिकायत पत्र में पेटारपहाड़ी पंचायत में वर्षों से कार्यरत तकनीकी सहायक स्वीटी प्रिया की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं. आरोप है कि तालाब एवं आहर से संबंधित कुछ योजनाओं का प्राक्कलन तैयार कर राशि की निकासी कर ली गई, जबकि कई कार्य धरातल पर दिखाई नहीं देते हैं. वहीं बौगी पंचायत की कुछ पूर्ण हो चुकी योजनाओं का भुगतान अब तक लंबित रहने की बात भी कही गई है.
विशेष जांच टीम गठित करने की मांग
उप प्रमुख ने मामले की जांच के लिए विशेष टीम गठित करने, संदिग्ध अभिलेखों की समीक्षा कराने, संबंधित भुगतान पर रोक लगाने तथा तकनीकी सहायक के स्थानांतरण की मांग की है. उन्होंने कहा कि विकास मद की राशि जनता की अमानत है और उसके उपयोग की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.
प्रमुख बोलीं:- आरोप राजनीति से प्रेरित
प्रखंड प्रमुख उर्मिला देवी ने सभी आरोपों को निराधार और राजनीतिक प्रेरित बताया है. उन्होंने कहा कि प्रखंड में कराए गए सभी विकास कार्य विभागीय दिशा-निर्देशों एवं नियमानुसार किए गए हैं. उनके अनुसार कुछ लोग राजनीतिक कारणों से आरोप लगा रहे हैं और यदि निष्पक्ष जांच होती है तो सच्चाई स्वयं सामने आ जाएगी.
