विद्यार्थियों को नैतिक मूल्यों से जोड़ें, समाज के प्रति जिम्मेदारी भी सिखाएं : कमिश्नर

इंडिपेंडेंट स्कूल एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन जिला इकाई ने रविवार को शिल्पा विवाह भवन में सम्मान समारोह का आयोजन कर जिले के करीब एक हजार शिक्षकों को उनके शैक्षणिक योगदान के लिए सम्मानित किया.

जमुई . इंडिपेंडेंट स्कूल एंड चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन जिला इकाई ने रविवार को शिल्पा विवाह भवन में सम्मान समारोह का आयोजन कर जिले के करीब एक हजार शिक्षकों को उनके शैक्षणिक योगदान के लिए सम्मानित किया. मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मुंगेर प्रमंडलीय आयुक्त अवनीश कुमार सिंह, जिला अधिकारी श्री नवीन, डीडीसी सुभाष चंद्र मंडल, डीपीआरओ बीरेंद्र कुमार, डीटीओ मो इरफान, एसडीएम सौरभ कुमार, डीईओ दया शंकर सहित अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से शिक्षकों को अंग वस्त्र,व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया. आयुक्त अवनीश कुमार सिंह ने कहा कि शिक्षक की भूमिका केवल किताबी ज्ञान देने तक सीमित नहीं है. उन्हें छात्रों में नैतिक मूल्य, देशभक्ति और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी भरना होगा. उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल अंग्रेजी माध्यम तक सीमित नहीं होनी चाहिए. मातृभाषा का ज्ञान भी उतना ही जरूरी है. डीएम श्री नवीन ने कहा कि शिक्षक समाज की रीढ़ होते हैं. पौराणिक काल से उन्हें श्रेष्ठ स्थान मिला है. वर्तमान समय में शिक्षकों की जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है. उन्हें विद्यार्थियों की भावनाओं को समझते हुए उनमें आत्मविश्वास पैदा करना चाहिये ताकि वे योग्य और कुशल नागरिक बन सकें. उन्होंने शिक्षकों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और इस आयोजन के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला.

झिझिया नृत्य व स्वागत गान ने मोहा मन

समारोह की शुरुआत ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गान से हुई, जिसने उपस्थित अतिथियों को भावविभोर कर दिया. विद्यालय की छात्रा ने पारंपरिक झिझिया नृत्य प्रस्तुत कर जनसमूह का मन मोह लिया. स्कूल के बैंड ग्रुप ने देशभक्ति धुन पर राष्ट्रगान की प्रस्तुति दी, जिससे पूरा माहौल राष्ट्रप्रेम से सराबोर हो गया. कार्यक्रम में एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डॉ मनोज कुमार सिन्हा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया. समारोह को राष्ट्रीय सचिव रंजीत कुमार सिंह, चंदन कुमार, धर्मेंद्र कुमार, आनंद लाल पाठक, अनूप कुमार सिंह, नीरज सिन्हा, विमलेश झा, वेद प्रकाश, अशोक कुमार, मंटू कुमार, मिथुन पासवान, दिवाकर कुमार, पूनम सरकार, सुबोध कुमार, बीरेंद्र कुमार, सुजाता कुमारी, प्रेमलता सहित अन्य ने संबोधित किया और शिक्षकों के योगदान की सराहना की. कार्यक्रम के अंत में आक्सफोर्ड स्कूल के प्राचार्य ऋतुराज सिन्हा ने धन्यवाद ज्ञापन कर अतिथियों के प्रति आभार जताया. समारोह में काफी संख्या में शिक्षक, शिक्षाविद व शिक्षा प्रेमी उपस्थिति रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >