जमुई. जिला प्रशासन के निर्देशानुसार गुरुवार को समाहरणालय स्थित संवाद कक्ष में महिला संवाद कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय पदाधिकारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गयी. जिसकी अध्यक्षता उप विकास आयुक्त सुभाष चंद्र मंडल ने की. इस अवसर पर सभी विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे. कार्यशाला की शुरुआत जीविका के जिला परियोजना प्रबंधक संजय कुमार ने की. उन्होंने बताया कि 18 अप्रैल को मुख्यमंत्री ने राज्य भर में महिला संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ किया है. इसमें जिले के 1245 ग्राम संगठनों में यह कार्यक्रम आयोजित किया जाना है. इसमें अब तक 451 ग्राम संगठनों में सफलतापूर्वक कार्यक्रम आयोजित हो चुके हैं. रोजाना 22 गांवों में कार्यक्रम हो रहे हैं और अब तक 8000 से अधिक महिलाओं की आकांक्षाएं सामने आयी हैं. श्री कुमार ने आगे बताया कि प्राप्त आकांक्षाओं को संबंधित कर्मियों द्वारा संधारित कर मोबाइल एप पर अपलोड किया जा रहा है. ये डाटा प्रखंड स्तर से जिला स्तर पर भेजा जाता है, जहां जिन आकांक्षाओं का समाधान संभव होता है, उन्हें संबंधित विभागों को भेजा जाता है. जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार इन पर त्वरित कार्रवाई की जाती है. आइटी मैनेजर रवि कुमार ने विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि राज्य स्तर पर निर्मित महिला संवाद पोर्टल पर प्राप्त सुझावों के आधार पर भविष्य की योजनाओं में महिलाओं की आकांक्षाओं को शामिल किया जायेगा. साथ ही यह पोर्टल महिलाओं को अपने गांव की समस्याएं सामने रखने और उन्हें प्राथमिकता देने का अवसर प्रदान करता है. उल्लेखनीय है कि महिला संवाद कार्यक्रम राज्य के ग्रामीण विकास विभाग द्वारा चलाया जा रहा है, जिसकी जिम्मेदारी बिहार ग्रामीण जीविकोपार्जन प्रोत्साहन समिति (जीविका) को दी गई है. कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए उन्हें सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
