नवोदय में छात्र की संदिग्ध स्थिति में मौत, पिता ने स्कूल प्रबंधन पर हत्या का आरोप लगाते हुए दर्ज कराई प्राथमिकी

जवाहर नवोदय विद्यालय बरहट जमुई के दसवीं कक्षा के छात्र आनंद कुमार की संदिग्ध स्थिति में मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है.

बरहट. जवाहर नवोदय विद्यालय बरहट जमुई के दसवीं कक्षा के छात्र आनंद कुमार की संदिग्ध स्थिति में मौत ने इलाके में सनसनी फैला दी है. एक ओर विद्यालय प्रबंधन इसे आत्महत्या बता रहा है वहीं दूसरी ओर मृतक के पिता तारकेश्वर कुमार ने इसे सुनियोजित हत्या करार देते हुए विद्यालय प्रशासन, छात्रावास प्रबंधन और शिक्षकों पर गंभीर आरोप लगाये हैं. इस संबंध में बरहट थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, मृतक के पिता ने बताया कि बीते शुक्रवार दोपहर करीब 1:10 बजे उन्हें 7061507011 मोबाइल नंबर से फोन आया. इसमें कहा गया कि आप तुरंत सदर अस्पताल पहुंचें. जब वे अस्पताल पहुंचे तो अपने बेटे को मृत अवस्था में स्ट्रक्चर पर लेटा पाया. मौके पर मौजूद विद्यालय के कुछ शिक्षकों ने उन्हें बताया कि छात्र ने आत्महत्या कर ली है, लेकिन पिता का दावा है कि जब उन्होंने शव देखा तो सिर और पीठ पर गंभीर चोट के निशान स्पष्ट थे. उनका कहना है कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि साजिश के तहत की गयी हत्या है. घटना से गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने शुक्रवार शाम जमुई कचहरी चौक को जाम कर दिया और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की. प्रदर्शन के दौरान माहौल काफी तनावपूर्ण हो गया.

एफएसएल टीम ने खंगाला घटनास्थल

वहीं घटना के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ. एसडीपीओ सतीश सुमन के नेतृत्व में थानाध्यक्ष कुमार संजीव और एफएसएल टीम ने विद्यालय पहुंचकर घटनास्थल की बारीकी से जांच की. जानकारी के अनुसार, छात्र को स्कूल के वॉशरूम से गंभीर हालत में निकालकर बिना पुलिस को सूचना दिये सीधे विद्यालय प्रबंधन सदर अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. बाद में अस्पताल से ही पुलिस को सूचना दी गयी थी. जब एफएसएल टीम स्कूल पहुंची तो घटना स्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाये हैं.

जांच के घेरे में स्कूल, अटेंडेंस शीट जब्त

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छात्र के सहपाठियों और शिक्षकों से पूछताछ शुरू कर दी है. साथ ही स्कूल की अटेंडेंस शीट भी जब्त कर ली गयी है, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि घटना के समय की सटीक स्थिति स्पष्ट हो सके. हर एंगल से जांच की जा रही है.

परिजनों में मातम, इलाके में आक्रोश

घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और लोगों में गहरा आक्रोश है. मृतक छात्र एक भाई-बहन में सबसे बड़ा था और वह पढ़ने में बहुत तेज-तर्रार तथा मिलनसार था. शनिवार सुबह थानाध्यक्ष कुमार संजीव और पंचायत के मुखिया कपिल देव प्रसाद मृतक के घर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया. इसके बाद अंतिम संस्कार कराया गया.

15 दिन पहले भी हुआ था विवाद

सूत्रों के अनुसार, करीब 15 दिन पहले भी विद्यालय में सीनियर और जूनियर छात्रों के बीच मारपीट की घटना हुई थी. इसके बाद विद्यालय प्रबंधन ने दोनों छात्रों को छुट्टी देकर घर भेज दिया था. अब इस पुराने विवाद को भी इस मामले से जोड़कर देखा जा रहा है.

कहते हैं थानाध्यक्ष

बरहट थानाध्यक्ष कुमार संजीव ने बताया कि मृतक के पिता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी बिंदुओं पर छानबीन जारी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >