स्वदेशी उत्पादों का करें समर्थन, अर्थव्यवस्था होगी मजबूत

नेचर विलेज के संस्थापक सह पूर्व सीओ निर्भय प्रताप सिंह की ओर से निकाली गयी राष्ट्र गुणगान यात्रा शुक्रवार को सदर प्रखंड के कई गांवों का भ्रमण करते हुए आगे बढ़ी.

जमुई . नेचर विलेज के संस्थापक सह पूर्व सीओ निर्भय प्रताप सिंह की ओर से निकाली गयी राष्ट्र गुणगान यात्रा शुक्रवार को सदर प्रखंड के कई गांवों का भ्रमण करते हुए आगे बढ़ी. इस दौरान खैरी, खड़गोड़, उगनीचक, पुतेरिया, अमरथ, भगवना और संथु गांव सहित अन्य गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों के बीच चौपाल आयोजित किया गया. चौपाल के दौरान निर्भय प्रताप सिंह ने किसानों, मजदूरों, महिलाओं और युवाओं से सीधे संवाद किया और देश की आजादी, स्वाभिमान और विकास को लेकर चर्चा की. उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई, अहिल्याबाई होलकर, छत्रपति शिवाजी महाराज जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों के विचारों और बलिदानों को याद करते हुए कहा कि इन वीर-वीरांगनाओं ने जिस देश का सपना देखा था, उसे साकार करने की जिम्मेदारी आज हम सभी की है. उन्होंने कहा कि देश की वास्तविक स्वतंत्रता तभी संभव है जब हर नागरिक अपने-अपने क्षेत्र में ईमानदारी से काम कर राष्ट्र निर्माण में भागीदार बने. उन्होंने लोगों से स्वदेशी अपनाने की अपील करते हुए कहा कि विदेशी वस्तुओं का बहिष्कार कर यदि हम स्वदेशी उत्पादों का समर्थन करें, तो देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है. चौपाल के दौरान निर्भय प्रताप ने लोगों की समस्याएं भी सुनीं और इसके समाधान के लिए राजनीतिक चेतना विकसित करने की बात कही. उन्होंने कहा एक ही व्यक्ति या परिवार का लगातार राजनीति करना लोकतंत्र के लिए सही नहीं है. आम लोगों को राजनीतिक विकल्पों को समझना और अपनाना चाहिए तभी देश का आर्थिक और सामाजिक विकास सुनिश्चित हो सकेगा. साथ ही बताया कि इस संवाद यात्रा का उद्देश्य गांव-गांव जाकर देशभक्ति की भावना को जागृत करना, स्वदेशी को बढ़ावा देना और आमजन की समस्याओं को सुनना बताया गया है. ग्रामीणों ने भी इस पहल की सराहना की ओर कहा कि इससे न केवल विचारों का आदान-प्रदान हुआ, बल्कि विकास की दिशा में सोचने की प्रेरणा भी मिली.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >