झाझा की बैजला पंचायत के खैरन गांव की घटना झाझा. थाना क्षेत्र की बैजला पंचायत के खैरन गांव के बहियार स्थित एक कुआं से पुलिस ने गुरुवार को महिला का शव बरामद किया है. शव की पहचान खैरन गांव निवासी अनिल यादव की 19 वर्षीय पत्नी रिबन कुमारी के रूप में हुई है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. घटना को लेकर परिजन ने बताया कि बीते बुधवार की संध्या लगभग 6:00 बजे वह घर से शौच के लिए निकली. लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटी. हमलोगों ने काफी खोजबीन की. उसके मायके वालों से भी संपर्क किया. सारे नाते-रिश्तेदार से भी संपर्क किया. लेकिन कहीं कुछ पता नहीं चला. गुरुवार दिन में कुछ चरवाहा उधर से गुजर रहे थे. तभी कुआं में एक महिला का शव दिखाई पड़ा. घटना की सूचना गांव वालों को मिली. आसपास गांव के सैंकड़ों लोग शव के देखने उमड़ पड़े. सूचना पर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने पुलिस पदाधिकारी क्षेवर राम, धर्मेंद्र कुमार को दलबल के साथ घटनास्थल पर भेजा. थानाध्यक्ष श्री सिंह ने बताया कि बरामद शव के बारे में आसपास के लोगों व परिजन से पूछताछ की. घटना कैसे हुई है. कुआं में कैसे गई है. इसकी अभी कोई जानकारी नहीं है. हमने मृतका के ससुराल व मायके वालों से भी पूछताछ की है. प्रत्येक बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए छानबीन की जा रहा है. हालांकि अभी तक किसी ने कोई आवेदन नहीं दिया है. लेकिन पुलिस अपने स्तर से छानबीन शुरू कर दी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
