परिवार में बुजुर्गों के सम्मान और देखभाल का दिया संदेश

अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत बुनियादी केंद्र खैरा में शनिवार को वयोवृद्ध उन्मुखीकरण सह संवेदीकरण विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया

जमुई.

अटल वयो अभ्युदय योजना के तहत बुनियादी केंद्र खैरा में शनिवार को वयोवृद्ध उन्मुखीकरण सह संवेदीकरण विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया. कार्यक्रम जिला पदाधिकारी नवीन के निर्देश पर सामाजिक सुरक्षा कोषांग, जमुई की ओर से आयोजित किया गया. कार्यशाला का उद्देश्य बदलते सामाजिक परिवेश में वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक सुरक्षा से अवगत कराना था. कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने बताया कि भारत सरकार की अटल वयो अभ्युदय योजना वृद्धजनों के स्वास्थ्य, पोषण और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है. इसके माध्यम से बुजुर्गों को विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध करायी जा रही है, ताकि वे सम्मानजनक जीवन जी सके. कार्यशाला में माता-पिता व वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम पर भी विस्तार से चर्चा की गयी. अधिकारियों ने बताया कि इस कानून के तहत वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की गयी है और किसी भी प्रकार की उपेक्षा या प्रताड़ना की स्थिति में उन्हें कानूनी संरक्षण प्राप्त है.कार्यक्रम की खास कड़ी खुली चर्चा रही, जिसमें मौजूद वृद्धजनों ने अपने अनुभव साझा किये और वर्तमान समय में आने वाली समस्याओं को सामने रखा. इस दौरान उनकी बेटियों व बहुओं की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिली, जिससे परिवार में बुजुर्गों के सम्मान और देखभाल का संदेश दिया गया. सामाजिक सुरक्षा कोषांग और बुनियाद केंद्र द्वारा उपलब्ध करायी जा रही सेवाओं, जैसे फिजियोथेरेपी व परामर्श के बारे में भी जानकारी दी गयी. कार्यक्रम के दौरान जिला प्रशासन की ओर से वरिष्ठ नागरिकों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया. इसके साथ ही जानकारी दी गयी कि 10 मार्च से बुनियाद केंद्र में वसुधा केंद्र की सेवाएं पूरी तरह नि:शुल्क शुरू की जाएंगी. इसके माध्यम से वरिष्ठ नागरिकों को पेंशन, प्रमाण पत्र सहित अन्य ऑनलाइन सेवाओं का लाभ अपने ही क्षेत्र में आसानी से मिल सकेगा. कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यशाला का समापन हुआ.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >