शिक्षक अभ्यर्थियों पर लाठीचार्ज निंदनीय : धर्मेंद्र गौतम

शिक्षक अभ्यर्थियों पर किए गए लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से मुख्यालय स्थित कांग्रेस कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गयी.

टीआरई-4 अभ्यर्थियों पर बल प्रयोग की कांग्रेस ने की निंदा, शीघ्र नियुक्ति की उठाई मांग

जमुई. बिहार पुलिस द्वारा पटना में टीआरई-4 (टेट स्टेट) पास शिक्षक अभ्यर्थियों पर किए गए लाठीचार्ज के विरोध में शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से मुख्यालय स्थित कांग्रेस कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गयी. यह कार्यक्रम प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम के निर्देश पर कांग्रेस नेताओं ने शिक्षक अभ्यर्थियों के समर्थन में आवाज बुलंद की. प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष धर्मेंद्र गौतम ने कहा कि चौथे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा का विज्ञापन जारी करने तथा पूर्व की भांति एकल परीक्षा के आधार पर नियुक्ति की मांग को लेकर बीते शुक्रवार को हजारों शिक्षक अभ्यर्थी पटना की सड़कों पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे. अभ्यर्थियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, जिससे कई अभ्यर्थी गंभीर रूप से घायल हो गए. कांग्रेस शिक्षक अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज की घोर निंदा करती है. अपने अधिकार और रोजगार की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है. कांग्रेस नेताओं ने मांग करते हुए कहा कि परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके योग्य शिक्षक अभ्यर्थियों को अविलंब नियुक्ति पत्र दिया जाए तथा शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को जल्द पूरा किया जाए. प्रेस वार्ता में पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद सिंह, जिला उपाध्यक्ष दिवाकर सिंह, सदर प्रखंड अध्यक्ष रामाश्रय सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुबोध मंडल, पंकज सिंह, नन्नू मियां, विनय मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >