जमुई : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के झाझा स्थित बोड़बा बस स्टैंड पर रविवार को सरदार वल्लभभाई पटेल की आदमकद प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गयी है. मुख्यमंत्री के आगमन से पहले पूरा झाझा पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है. रेलवे चांदमारी मैदान और बोड़बा बस स्टैंड स्थित कार्यक्रम स्थल पर केंद्रीय पुलिस बल और विशेष सुरक्षा दल ने सुरक्षा की कमान संभाल ली है.
स्थानीय विधायक सह परिवहन मंत्री दामोदर रावत दोनों स्थलों का लगातार जायजा ले रहे हैं. रेलवे चांदमारी मैदान में बनाए गये हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल पर जिला स्तर से लेकर अन्य वरीय पदाधिकारियों की तैनाती की गयी है. जिला मुख्यालय के कई थानों की पुलिस के अलावा मुंगेर प्रक्षेत्र के कई वरीय पदाधिकारी भी कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड पर तैनात किये गये हैं.
एक सप्ताह से चल रही थी तैयारी
बस स्टैंड-खलासी मोहल्ला मुख्य सड़क स्थित बोड़बा बस स्टैंड के समीप सरदार वल्लभभाई पटेल की आदमकद प्रतिमा का अनावरण मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी करेंगे. कार्यक्रम को लेकर करीब एक सप्ताह से तैयारियां चल रही थीं.
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी हेलीकॉप्टर से झाझा पहुंचेंगे, जबकि स्वास्थ्य मंत्री निशांत चौधरी के सड़क मार्ग से आने की जानकारी दी गयी है. दो मंत्रियों के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है. मुंगेर प्रक्षेत्र के डीआइजी और आयुक्त भी तैयारियों की लगातार निगरानी कर रहे हैं.
अधिकारियों को सौंपी गयी जिम्मेदारी
शनिवार देर शाम जिलाधिकारी नवीन और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने रेलवे चांदमारी मैदान में अधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें उनकी ड्यूटी की जानकारी दी. अधिकारियों को पूरी तरह सतर्क रहने का निर्देश दिया गया.
सुरक्षा के मद्देनजर रेलवे चांदमारी मैदान में प्रवेश के सभी रास्तों को बंद कर दिया गया है. वहीं चांदमारी मैदान से बोड़बा बस स्टैंड स्थित कार्यक्रम स्थल तक जाने वाले मार्ग पर भी आम लोगों के आवागमन पर रोक लगा दी गयी है. सुरक्षा एजेंसियां किसी भी अवांछित व्यक्ति के प्रवेश को रोकने के लिए विशेष निगरानी कर रही हैं.
मुख्यमंत्री के आगमन और प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम को लेकर झाझावासियों में भी उत्साह का माहौल है.
