ठहाकों की गूंज और सुरमयी गीतों से सराबोर हुआ जमुई

प्रभात खबर के कवि सम्मेलन में उमड़ा जनसैलाब

एहसान कुरैशी के व्यंग्य और नम्रता दास के गीतों ने बांधा समा

जमुई. जिला मुख्यालय स्थित श्रीकृष्ण सिंह मेमोरियल स्टेडियम बुधवार की शाम हंसी, कविता और संगीत के अद्भुत संगम का साक्षी बना. प्रभात खबर मीडिया ग्रुप के तत्वावधान में आयोजित भव्य कवि सम्मेलन में हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने देर रात तक हास्य, व्यंग्य और संगीत का भरपूर आनंद लिया. कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध हास्य कलाकार एवं कवि एहसान कुरैशी तथा बॉलीवुड पार्श्व गायिका नम्रता दास ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया. इससे पूर्व कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी श्रीनवीन, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल, अनुमंडल पदाधिकारी सौरव कुमार, डीटीओ सुनील कुमार, डीईओ दयानंद प्रसाद, डीपीआरओ डॉ मेनका कुमारी, डॉ सूर्यनंदन, डॉ एके सिन्हा, अनिल सिंह, मनोज सिंह, डॉ मनोज सिन्हा व प्रभात खबर के ब्यूरो चीफ पंकज कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. उद्घाटन के साथ ही पूरा स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और सांस्कृतिक उत्सव का भव्य आगाज हुआ.

अतिथियों का हुआ भव्य अभिनंदन

कार्यक्रम के दौरान मंचासीन अतिथियों का अभिनंदन किया गया. आयोजकों द्वारा जिलाधिकारी नवीन, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल, एसडीओ सौरव कुमार, डीटीओ सहित अन्य गणमान्य अतिथियों को पौधा एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया. वक्ताओं ने कहा कि समाज के विकास और जनहित में प्रशासन की सकारात्मक भूमिका सराहनीय है तथा ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं. प्रभात खबर की टीम ने कहा कि जिलेवासियों के अभूतपूर्व स्नेह, सहयोग और सहभागिता के कारण ही आयोजन ऐतिहासिक रहा.

एहसान कुरैशी के व्यंग्य पर गूंजते रहे ठहाके

कार्यक्रम का सबसे चर्चित आकर्षण रहे ”द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज” से प्रसिद्धि प्राप्त हास्य सम्राट एहसान कुरैशी ने मंच पर आते ही अपनी अनूठी शैली, तीखे लेकिन स्वस्थ व्यंग्य और हास्य कविताओं से माहौल को जीवंत बना दिया. समसामयिक विषयों पर उनकी चुटीली टिप्पणियों और सामाजिक संदेशों से भरपूर प्रस्तुति पर दर्शक लगातार ठहाके लगाते रहे. कई बार ऐसा लगा मानो पूरा स्टेडियम हंसी की लहरों में डूब गया हो. उनकी प्रस्तुति पर दर्शकों ने खड़े होकर तालियां बजायीं.

नम्रता दास की जादुई आवाज ने किया मंत्रमुग्ध

हास्य के बाद संगीत की बारी आयी, तो बॉलीवुड की जानी-मानी पार्श्व गायिका नम्रता दास ने अपनी मखमली आवाज का ऐसा जादू बिखेरा कि पूरा पंडाल सुरों की दुनिया में खो गया. उन्होंने एक से बढ़कर एक लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुति दी, जिस पर दर्शक झूमते नजर आए. उनकी मधुर गायकी और शानदार मंच संचालन ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया. गीतों के बीच दर्शकों की फरमाइशें भी लगातार आती रहीं, जिन्हें नम्रता दास ने सहजता से पूरा कर खूब वाहवाही बटोरी.

व्यवस्था और मेहमाननवाजी की हुई सराहना

भीषण गर्मी के बावजूद कार्यक्रम में उमड़ी भारी भीड़ के बीच आयोजकों ने उत्कृष्ट प्रबंधन का परिचय दिया. हजारों दर्शकों के लिए ठंडे पेयजल और कॉफी की निरंतर व्यवस्था की गयी थी. स्वयंसेवक पूरे आयोजन के दौरान लोगों की सुविधा में जुटे रहे. अनुशासित व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम और दर्शकों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की हर ओर सराहना होती रही.

देर रात तक चलता रहा सांस्कृतिक उत्सव

कार्यक्रम में शहर सहित जिले के विभिन्न प्रखंडों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे. स्टेडियम खचाखच भरा रहा और देर रात तक लोगों का उत्साह चरम पर बना रहा. कविता, हास्य और संगीत के इस संगम ने जमुई के सांस्कृतिक इतिहास में एक यादगार अध्याय जोड़ दिया.

सहयोगियों के प्रति प्रभात खबर ने जताया आभार

प्रभात खबर परिवार ने आयोजन को ऐतिहासिक सफलता दिलाने वाले सभी सहयोगियों, प्रायोजकों, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं जिलेवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया. इस भव्य आयोजन के मेन स्पॉन्सर रहे सनातन सांस्कृतिक संघ जबकि एसोसिएट स्पॉन्सर के रूप में बिहार सरकार के परिवहन मंत्री सह झाझा विधायक दामोदर रावत का सहयोग रहा. कार्यक्रम ब्लैक डायमंड एजूकेशन सोसायटी, जमुई द्वारा पावर्ड बाई के रूप में समर्थित था. जबकि को-स्पॉन्सर्स के रूप में जिला परिषद अध्यक्ष दुलारी देवी, नगर परिषद जमुई, डॉ. नीरज साह, श्री हॉस्पिटल जमुई, डॉ. सूर्यनंदन सिंह, एनएन हॉस्पिटल एवं डॉ. नेहाल, बैद्यनाथ इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पारा मेडिकल साइंस सिमुलतला, टैक्स वाला, पटेल सेवा संस्थान, गिद्धौर सेंट्रल स्कूल, राइजिंग सन साइन मानव कल्याण फाउंडेशन तथा धर्म चंदन रजक जिलाध्यक्ष जमुई सहित कई संस्थाओं एवं व्यक्तियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ANIMESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >