जमुई में दो बाइक की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत, परिवार में पसरा मातम

Jamui Road Accident: जमुई जिले के खैरा-सोनो मार्ग पर भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई. काम निपटाकर घर लौट रहे उस्मान अंसारी को तेज रफ्तार बुलेट ने टक्कर मार दी, जिससे उनकी गंभीर चोटों के बाद अस्पताल ले जाते समय मृत्यु हो गई.

जमुई से अर्जुन अरनव की रिपोर्ट

Jamui Road Accident: जमुई जिले के खैरा-सोनो मुख्य मार्ग पर टिहिया गांव के समीप बीते बुधवार की देर रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है. एक तेज रफ्तार बुलेट और मोटरसाइकिल के बीच हुई सीधी भिड़ंत में बाइक सवार व्यक्ति की सिर में गंभीर चोट लगने से मौत हो गई, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया है.

काम निपटाकर घर लौटने के दौरान हुआ हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान खैरा थाना क्षेत्र के बाघमारा गांव निवासी उस्मान अंसारी के रूप में की गई है. बताया जाता है कि बुधवार को उस्मान अंसारी किसी निजी काम के सिलसिले में मांगोबंदर गए हुए थे. देर शाम जब वह अपनी मोटरसाइकिल से वापस अपने घर बाघमारा लौट रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार बुलेट बाइक ने टिहिया गांव के पास उन्हें जोरदार टक्कर मार दी.

सिर में आई गंभीर चोट, अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उस्मान अंसारी बाइक सहित सड़क पर दूर जा गिरे. इस हादसे में उनके सिर पर गंभीर और जानलेवा चोटें आईं. दुर्घटना के बाद मौके पर जुटे स्थानीय ग्रामीणों ने इंसानियत दिखाते हुए उन्हें तुरंत उठाया और नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सोनो पहुंचाया. वहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाज़ुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल जमुई रेफर कर दिया. हालांकि, सदर अस्पताल पहुंचते ही जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

ग्रामीणों ने बुलेट को पकड़ा, पुलिस जांच में जुटी

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटना को अंजाम देने वाली बुलेट मोटरसाइकिल को मौके पर ही पकड़ लिया और इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने बुलेट को अपने कब्जे में ले लिया है. पुलिस फिलहाल वाहन मालिक की पहचान और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच में जुट गई है.

Jamui Road Accident: पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव

उस्मान अंसारी की मौत की खबर जैसे ही उनके पैतृक गांव बाघमारा पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई. सदर अस्पताल परिसर में मृतक के परिजनों और शुभचिंतकों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिनका रो-रोकर बुरा हाल था. गुरुवार की सुबह पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया (पंचनामा) पूरी की और शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए रोते-बिलखते परिजनों को सौंप दिया.

जमुई की ख़बरों को पढने के लिए यहाँ क्लिक करें !

पटना: राजस्व और भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने लिया बड़ा फैसला. कहा- अब राजस्व विभाग के सारे काम ऑनलाइन होंगे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Divyanshu Prashant

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे दैनिक जागरण में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने टी. एन. बी. कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक किया है, जिसके कारण साहित्य, पठन-पाठन, लेखन और कविता-सृजन में उनकी विशेष रुचि है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >