जमुई से अर्जुन अरनव की रिपोर्ट.
Jamui Mega Job Camp 2026: बिहार सरकार के युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग के तहत जिला नियोजनालय जमुई द्वारा 29 मई 2026 को एक दिवसीय मेगा जॉब कैंप का आयोजन किया जा रहा है. यह जॉब कैंप शहर के सोनपे स्थित श्रम भवन में लगाया जाएगा, जहां महाराष्ट्र के पुणे की निजी कंपनी टैलेंटकॉर्प सोल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड युवाओं की भर्ती करेगी. कैंप में मौके पर ही आवेदन और इंटरव्यू की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. जिला नियोजन पदाधिकारी शिखा राय ने बताया कि चयनित युवाओं को ₹18,500 से ₹24,500 प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा.
प्रोडक्शन विभाग में होगी भर्ती
जॉब कैंप में कंपनी प्रोडक्शन विभाग के लिए ट्रेनी पदों पर भर्ती करेगी. कुल 35 रिक्त पदों के लिए आवेदन लिये जाएंगे. इस भर्ती प्रक्रिया में 18 से 35 वर्ष तक के पुरुष अभ्यर्थी हिस्सा ले सकते हैं.
शैक्षणिक योग्यता के रूप में 10वीं, 12वीं, स्नातक या डिप्लोमा पास अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं. जिला नियोजनालय के अनुसार यह अवसर खासकर उन युवाओं के लिए फायदेमंद होगा जो बेहतर वेतनमान पर बड़े शहरों में नौकरी की तलाश कर रहे हैं.
मौके पर ही होगा इंटरव्यू
मेगा जॉब कैंप 29 मई को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगा. अभ्यर्थियों को अपना बायोडाटा, शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रति और आधार कार्ड साथ लेकर पहुंचना होगा. अधिकारियों ने बताया कि आवेदन करने से पहले नेशनल करियर सर्विस यानी NCS पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य है.
जिला नियोजन पदाधिकारी ने कहा कि अधिक से अधिक युवाओं को इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए ताकि उन्हें रोजगार का बेहतर मौका मिल सके.
जिला नियोजनालय ने युवाओं से की अपील
जिला नियोजनालय ने जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं से समय पर जॉब कैंप में पहुंचने की अपील की है. साथ ही सामाजिक संगठनों और मीडिया से भी इस सूचना को ज्यादा से ज्यादा युवाओं तक पहुंचाने का आग्रह किया गया है.
अधिकारियों का कहना है कि रोजगार मेले के जरिए स्थानीय युवाओं को निजी क्षेत्र में बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है.
Also Read: IGIMS में आयुष्मान घोटाला, 45 लाख का गबन, चार आउटसोर्स कर्मियों पर केस, फंसेंगे कई और
