जमुई. शहर में लगातार लग रहे जाम ने आम लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. हालात यह है कि हर दिन मुख्य सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं, जिससे शहर की रफ्तार थम सी गयी है. शुक्रवार को भी शहर के महाराजगंज, महिसौड़ी तथा बोधवन तालाब के समीप भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गयी. घंटों तक लगे जाम के कारण राहगीरों, स्कूली बच्चों, मरीजों और कामकाजी लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा. स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है. सड़क पर बेतरतीब पार्किंग तथा बढ़ते वाहनों की संख्या जाम की मुख्य वजह बन रही है. साथ ही शहर में बड़े वाहनों के प्रवेश करने के कारण भी जाम की समस्या उत्पन्न हो रही है.
शहर में पार्किंग नहीं होने से भी लगता है जाम
शहर के मुख्य बाजार में कहीं भी पार्किंग की व्यवस्था नहीं है इस कारण बाजार में खरीदारी करने के लिए आने वाले लोगों को सड़क पर ही वाहन खड़ा करना पड़ता है. लोग अपने-अपने वाहनों को दुकानों के सामने रोड पर बेतरतीब तरीके से खड़ा कर देते हैं. जिससे शहर के मुख्य मार्गों से लेकर मुख्य बाजारों में दिनभर जाम लगा रहता है. खास बात की शहर में पार्किंग स्थल बनाने के लिए पिछले कई वर्षो से प्रशासन के अधिकारी योजना बना रहे हैं, लेकिन हर बार यह प्रयास कुछ दिनों के बाद ढीले पड़ जाते हैं. ऐसे में मुख्य बाजार में आम लोगों और दुकानदारों के वाहन खड़े होने के कारण जाम लग जाता है.
छोटी गलियों में बड़े वाहन चलने से फंस रहे अन्य छोटे वाहन
शहर के मुख्य मार्ग और बाजार में जाम लगने के कारण लोग जाम से बचने के लिए छोटी गलियों से वाहन निकालते हैं, जिससे गलियों में भी जाम लग जाता है. इस जाम से शहर की गलियों में रहने वाले लोग परेशान हो रहे हैं.मुख्य सड़कों पर लगता है जाम
शहर की मुख्य बाजार में बड़े बड़े व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स, बैंक सहित अन्य कार्यालय होने के कारण भारी और हलके वाहनों का आना-जाना अधिक रहता है. बाजार की ओर जाने वाले गांधी पुस्तकालय के समीप, महाराजगंज मुख्य बाजार, खैरा मोड़, महिसौड़ी, बोधवन तालाब सहित अन्य बाजारों में प्रतिदिन लोग घंटों जाम में फंस जाते हैं. पार्किंग व्यवस्था को लेकर स्थल का चयन किया जा रहा है. जल्द ही शहर में पार्किंग की व्यवस्था बहाल की जायेगी ताकी लोगों को जाम से निजात मिल सके.मो हलीम उर्फ लोलो, नप अध्यक्ष, जमुई
