मतगणना केंद्र में बिजली, सुरक्षा व सीसीटीवी व्यवस्था सुनिश्चित करें

बिहार विधानसभा आम चुनाव की तैयारी को लेकर शुक्रवार को जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन प्रेक्षकों ने वज्रगृह, मतगणना केंद्र, डिस्पैच सेंटर और वेयरहाउस का निरीक्षण किया.

जमुई. बिहार विधानसभा आम चुनाव की तैयारी को लेकर शुक्रवार को जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन प्रेक्षकों ने वज्रगृह, मतगणना केंद्र, डिस्पैच सेंटर और वेयरहाउस का निरीक्षण किया. इस दौरान प्रेक्षकों ने भारत निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार सभी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के क्रम में प्रेक्षक ने केकेएम कॉलेज स्थित प्रस्तावित मतगणना केंद्र पहुंचे और सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन से जुड़ा प्रत्येक कार्य आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप और पारदर्शिता के साथ पूरा होना चाहिए. प्रेक्षक ने मतगणना केंद्र पर विद्युत, पेयजल, शौचालय, अग्निशमन यंत्र, सीसीटीवी कैमरा, बैरिकेडिंग और प्रवेश नियंत्रण जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी अनधिकृत व्यक्ति का प्रवेश मतगणना स्थल पर वर्जित रहे. साथ ही स्ट्रांग रूम और वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती करने तथा सभी गतिविधियों की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने को कहा. निरीक्षण के उपरांत प्रेक्षक ने मतदान कर्मियों के लिए बनाए जा रहे डिस्पैच सेंटर की भी समीक्षा की. उन्होंने निर्देश दिया कि प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और प्राथमिक उपचार जैसी सुविधाएं मानक के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसी कर्मी को असुविधा न हो. जिला प्रशासन ने बताया कि निर्वाचन प्रेक्षक के निर्देशों के आलोक में सभी तैयारियों को शीघ्र पूरा किया जाएगा, ताकि मतदान एवं मतगणना प्रक्रिया स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >