नुमर हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर में स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित, ग्रामीणों को दी गई दवाएं

जमुई के बरहट प्रखंड स्थित नुमर पंचायत में बढ़ती मौसमी बीमारियों को देखते हुए स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया, जहां दर्जनों ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच कर दवाएं बांटी गईं. इस दौरान विशेषज्ञों ने लोगों को बदलते मौसम में सतर्क रहने और एचपीवी वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित किया.

बरहट से शशिलाल की रिपोर्ट: प्रखंड अंतर्गत नुमर पंचायत स्थित हेल्थ एंड वैलनेस सेंटर में बदलते मौसम और बढ़ती बीमारियों को देखते हुए एक दिवसीय स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया. विभागीय निर्देश पर आयोजित इस शिविर में पंचायत के दर्जनों ग्रामीणों ने अपनी सेहत की जांच कराई और नि:शुल्क दवाएं प्राप्त कीं. शिविर के दौरान केंद्र पर खासकर बुजुर्ग महिलाओं की भारी भीड़ देखी गई.

बीपी, शुगर और रक्तचाप की हुई नि:शुल्क जांच

स्वास्थ्य जांच शिविर में पहुंचे मरीजों का बीपी, शुगर, रक्तचाप सहित अन्य महत्वपूर्ण शारीरिक जांच की गई. जांच के उपरांत मरीजों को संबंधित बीमारियों से बचाव के लिए जरूरी परामर्श और दवाइयां दी गईं. मौके पर मौजूद स्वास्थ्यकर्मियों ने ग्रामीणों को सलाह दी कि बदलते मौसम में खान-पान और रहन-सहन में विशेष सावधानी बरतें. यदि सर्दी, खांसी या बुखार जैसे लक्षण दिखें, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर से सलाह लें.

बढ़ रही है मौसमी बीमारियों की संख्या: सीएचओ

सीएचओ अधिक कुमार ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से मौसम में आ रहे उतार-चढ़ाव के कारण सर्दी और बुखार जैसी मौसमी बीमारियों के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. इसी को ध्यान में रखते हुए यह शिविर लगाया गया है ताकि ग्रामीणों को गांव में ही त्वरित जांच और उपचार की सुविधा मिल सके. उन्होंने लोगों से समय पर इलाज कराने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की.

एचपीवी वैक्सीन के प्रति महिलाओं को किया गया जागरूक

शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे एचपीवी (HPV) वैक्सीन अभियान को लेकर भी जागरूकता फैलाई गई. स्वास्थ्यकर्मियों ने ग्रामीणों को बताया कि यह वैक्सीन महिलाओं के लिए कितनी महत्वपूर्ण है और इससे भविष्य में होने वाली गंभीर बीमारियों से कैसे बचा जा सकता है. इस अवसर पर सीएचओ संदीप कुमार, एएनएम शोभा कुमारी, एनएमआर प्रियंका कुमारी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Divyanshu Prashant

दिव्यांशु प्रशांत वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल में बतौर कंटेंट राइटर कार्यरत हैं। उन्होंने महात्मा गाँधी अंतर्राष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में परास्नातक की शिक्षा प्राप्त की है। मीडिया क्षेत्र में लगभग एक वर्ष के अनुभव के दौरान वे दैनिक जागरण में न्यूज़ राइटर और रिपोर्टर के रूप में कार्य कर चुके हैं। करियर के शुरुआती दौर में लोकसभा और विधानसभा चुनावों से जुड़े पॉलिटिकल कंटेंट राइटिंग का विशेष अनुभव प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने टी. एन. बी. कॉलेज से हिंदी साहित्य में स्नातक किया है, जिसके कारण साहित्य, पठन-पाठन, लेखन और कविता-सृजन में उनकी विशेष रुचि है। सटीक, निष्पक्ष और प्रभावशाली लेखन के माध्यम से पाठकों तक विश्वसनीय जानकारी पहुँचाना उनकी पेशेवर पहचान है।

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >