-सीसीटीवी में कैद हुए उच्चके, पुलिस जांच में जुटी झाझा. थाना क्षेत्र के चरघर बाबूटोला में रविवार दोपहर दो उचक्कों ने आभूषण साफ करने के बहाने एक युवक को लाखों रुपये का चूना लगा दिया और फरार हो गये. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. पीड़ित गौतम सिंह ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में बताया कि दो युवक बाइक से उसके घर पहुंचे और पीतल के बर्तन साफ करने की बात कही. बातचीत के दौरान उन्होंने चांदी का पायल भी साफ कर विश्वास जीत लिया. इसके बाद जब सोने का चेन साफ करने के लिए दिया गया, तो दोनों ने उसे एक लिफाफे में बंद कर पिन लगा दी और 10 मिनट बाद खोलने की बात कहकर वहां से निकल गये. संदेह होने पर जब पीड़ित ने लिफाफा खोला तो उसमें चेन गायब था. उन्होंने बताया कि चोरी हुआ चेन करीब ढाई लाख रुपये मूल्य का था. घटना की सूचना तुरंत झाझा थाना को दी गयी. थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. फुटेज में दो युवक डीएसएम कॉलेज के रास्ते बाइक से भागते दिखाई दिये हैं. पीड़ित ने भी फुटेज में दोनों की पहचान की है. थानाध्यक्ष ने बताया कि शिकायत और सीसीटीवी के आधार पर उचक्कों की पहचान कर ली गयी है. पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है. जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जायेगी.
आभूषण साफ करने के बहाने उड़ायी ढाई लाख की सोने की चेन
थाना क्षेत्र के चरघर बाबूटोला में रविवार दोपहर दो उचक्कों ने आभूषण साफ करने के बहाने एक युवक को लाखों रुपये का चूना लगा दिया और फरार हो गये.
