जमुई से अर्जुन अरनव की रिपोर्ट:
Fire Safety Audit Jamui: जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष अभियान चलाया. जिलाधिकारी नवीन कुमार के निर्देश पर अनुमंडल अग्निशामालय, जमुई की टीम ने शहर के विभिन्न अस्पतालों और होटलों में अग्नि सुरक्षा अंकेक्षण (फायर सेफ्टी ऑडिट) किया.
अभियान के दौरान शहर के प्रमुख संस्थानों गोदावरी नर्सिंग होम, एमएम हॉस्पिटल और शशि ग्रैंड होटल का गहन निरीक्षण किया गया. अग्निशमन विभाग की टीम ने इन संस्थानों में उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों, आपातकालीन निकास मार्गों, विद्युत सुरक्षा व्यवस्था और अन्य सुरक्षा मानकों की विस्तार से जांच की.
प्रबंधन से लिया गया स्वघोषणा पत्र
निरीक्षण के क्रम में सभी संस्थानों के प्रबंधन से अग्नि सुरक्षा संबंधी स्वघोषणा पत्र प्राप्त किए गए. जांच के दौरान जहां भी छोटी-मोटी खामियां पाई गईं, वहां संबंधित प्रबंधन को तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए.अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी और भविष्य में भी नियमित जांच अभियान जारी रहेगा.
कर्मियों को दिया गया प्रशिक्षण
अग्निशमन विभाग की टीम ने अस्पतालों और होटलों के कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी. साथ ही अग्निशमन यंत्रों के सही उपयोग, आपदा की स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने तथा त्वरित प्रतिक्रिया की प्रक्रिया के बारे में भी प्रशिक्षण दिया गया.
सुरक्षा मानकों के पालन की अपील
जिला प्रशासन ने सभी निजी अस्पतालों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक संस्थानों से अग्नि सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने की अपील की है. प्रशासन का मानना है कि सुरक्षा मानकों का पालन कर संभावित अग्निकांड और जन-धन की हानि को रोका जा सकता है.जिलाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि आम लोगों की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसी उद्देश्य से जिले में समय-समय पर फायर सेफ्टी ऑडिट और जागरूकता अभियान चलाए जाते रहेंगे.
