सोनो. लोहा पंचायत के धवठिया गांव में बीते बुधवार की देर रात्रि एक खपरैल घर में आग लग गयी. घर में दो बच्चे सहित गृह स्वामी, उनकी पत्नी व माता सोये हुए थे. पड़ोसियों ने आग की लपट देख शोर मचाया. बड़ी मशक्कत से लोग घर से बाहर सकुशल निकल पाये. घर में सोये दोनों बच्चे बाल बाल बच गये. मौके पर जुट ग्रामीणों ने बड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी चीजें जल चुकी थीं. पीड़ित अनिल मंडल व उनकी पत्नी रिंकी कुमारी ने रोते हुए बताया कि रात्रि खाना खाकर सपरिवार घर में सो गये थे. आधी रात हल्ला सुनकर उठे तो देखे अपने ही घर में आग लगी हुई है. बच्चों को किसी तरह निकाले. घंटों प्रयास के बाद गांव वालों ने आग पर काबू पाया लेकिन तब तक घर में रखा अनाज, कपड़ा, बिछावन, बक्सा, नगद राशि सहित काफी सामान जल गये. आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका. दंपती ने प्रशासन से मदद की गुहार लगायी है. वहीं घटना के बाद मौके पर पहुंचे मुखिया जमादार सिंह व सरपंच विश्व विजय सिंह ने बताया कि अनिल मजदूरी कर किसी तरह जीवन यापन करता है. घर बनाने हेतु कुछ रुपये जमा करके रखा था वह भी जल गया. परिवार पर बड़ा संकट आ गया है इसलिए प्रशासन द्वारा इस पीड़ित परिवार को आवास व अन्य मदद दी जानी चाहिए.
खपरैल घर में लगी आग, संपत्ति के साथ नकदी भी जली
लोहा पंचायत के धवठिया गांव में बीते बुधवार की देर रात्रि एक खपरैल घर में आग लग गयी.
