खैरा. बिशनपुर पंचायत के कुरवा टॉड चौक पर सोमवार को खरीफ किसान सहकारी चौपाल के तहत नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम की प्रस्तुति संस्कार फाउंडेशन की टीम ने दी. ग्रामीण क्षेत्र से बड़ी संख्या में युवक और महिलाएं मौके पर मौजूद थे. कलाकारों ने नाटक के माध्यम से किसानों को संदेश दिया कि खरीफ फसल की समय पर बुआई बेहद जरूरी है. समय पर बुआई करने से फसल अच्छी होती है और उत्पादन भी बढ़ता है. नुक्कड़ नाटक के दौरान यह भी बताया गया कि यदि फसल में किसी प्रकार का कीड़ा लग जाए तो किसान संबंधित विभाग के विशेषज्ञों से सलाह लें और फसल पर उचित कीटनाशक दवाओं का छिड़काव करें. ऐसा नहीं करने पर फसल बर्बाद हो सकती है और किसान को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है. कलाकारों का कहना था कि जागरूकता और समय पर उठाए गए कदम से खेती में बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं. कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने इस समसामयिक प्रस्तुति की सराहना की. इस नाटक में मुख्य रूप से कलाकार निशा शर्मा, विकास कुमार, राहुल कुमार, संतोष कुमार, लाल बाबा, खुशबू कुमारी और रोहित राज शामिल थे. इसके पूर्व संस्कार फाउंडेशन की टीम ने चांगो डीह और धर्मपुर में भी नुक्कड़ नाटक का सफल आयोजन कर लोगों को कृषि संबंधी जानकारी दी थी.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
