टिकाऊ संरचनाओं के लिए भूकंपरोधी डिजाइन अनिवार्य

राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में 15 जनवरी से 28 जनवरी 2026 तक भूकंप सुरक्षा पखवारा–2026 का सफल आयोजन किया गया.

जमुई . राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में 15 जनवरी से 28 जनवरी 2026 तक भूकंप सुरक्षा पखवारा–2026 का सफल आयोजन किया गया. यह कार्यक्रम बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के तत्वावधान में तथा विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग, बिहार सरकार के सहयोग से आयोजित हुआ. कार्यक्रम का उद्देश्य भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाओं के प्रति विद्यार्थियों और शिक्षकों को जागरूक करना तथा आपदा के समय सुरक्षा और प्रबंधन के व्यावहारिक उपायों से अवगत कराना रहा. आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सुरक्षित निर्माण और सही जानकारी से जानमाल के नुकसान को काफी हद तक कम किया जा सकता है. पखवारा का औपचारिक उद्घाटन 16 जनवरी 2026 को महाविद्यालय के सम्मेलन कक्ष में किया गया. उद्घाटन समारोह में सिविल इंजीनियरिंग विभाग के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे. कार्यक्रम में शिक्षाविदों और प्रशासनिक अधिकारियों ने भूकंप सुरक्षा, आपदा प्रबंधन और इंजीनियरों की सामाजिक जिम्मेदारी पर अपने विचार साझा किये. वक्ताओं ने कहा कि भविष्य में सुरक्षित और टिकाऊ संरचनाओं के निर्माण में युवा इंजीनियरों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है. इसके लिए भूकंपरोधी डिजाइन और मानकों की जानकारी अनिवार्य है. कार्यक्रम में विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं प्रमुख रहीं. इनमें विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता के साथ तकनीकी ज्ञान का प्रदर्शन किया. मॉक ड्रिल के माध्यम से आपदा के समय सुरक्षित निकलने और प्राथमिक सावधानियों की व्यावहारिक जानकारी भी दी गयी. कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित तकनीकी सत्रों में विशेषज्ञों और अनुभवी शिक्षकों ने भूकंपरोधी संरचनाओं, बीआइएस कोड, संरचनात्मक सुरक्षा और आपदा के दौरान अपनाए जाने वाले आवश्यक उपायों पर विस्तार से जानकारी दी.समापन 28 जनवरी 2026 को तकनीकी संगोष्ठी और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ किया गया, जिसमें विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया. आयोजन समिति ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार जताया. इस आयोजन ने महाविद्यालय की शैक्षणिक के साथ सामाजिक जिम्मेदारी को भी मजबूत किया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >