जमुई . स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने को लेकर मूल्यांकन के लिए जिले के विभिन्न प्रखंड क्षेत्रों के अंतर्गत संचालित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर सह स्वास्थ्य उपकेंद्र का सिविल सर्जन डॉ अमृत किशोर ने बुधवार को औचक निरीक्षण किया. ये सभी उपकेंद्र राज्य द्वारा प्रमाणीकृत है और राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक के तहत मूल्यांकन के लिए चयनित है. इस दौरान सीएस ने जिले के बरहट प्रखंड क्षेत अंतर्गत गुगुलडीह, सदर प्रखंड क्षेत्र के मणियड्डा, अंबा सहित विभिन्न हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का निरीक्षण किया. इस दौरान सिविल सर्जन ने राष्ट्रीय गुणवत्ता मूल्यांकन से पहले उपकेंद्र की तैयारियों का जायजा लिया और आवश्यक सुधार संबंधी बिंदुओं पर चर्चा की. निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य उपकेंद्र की टीम को मरीजों को समय पर गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रोत्साहित किया. निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन ने स्वास्थ्य उपकेंद्र पर उपलब्ध जांच सुविधाओं और दी जा रही सेवाओं की बारीकी से समीक्षा की. साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय मूल्यांकन की तैयारी सुनिश्चित करने के लिए कई आवश्यक निर्देश भी दिये. निरीक्षण के दौरान डॉ अमृत किशोर ने उपकेंद्र परिसर की साफ-सफाई और हर्बल गार्डन के रखरखाव पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता जतायी. उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों दोनों के लिए जरूरी है. साथ ही उन्होंने सरकारी एंबुलेंस सेवा के साथ निजी एंबुलेंस सेवाओं की टैगिंग पर भी जोर दिया. उन्होंने कहा कि ऐसा करने से आमजन को समय पर इलाज और परिवहन की सुविधा मिलेगी. उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए सभी कर्मचारियों को मिलकर कार्य करने का भी निर्देश दिया. मौके पर जिले से जिला सलाहकार गुणवत्ता यकीन डॉ ताबिस हयात और जिला योजना समन्वयक रश्मि भारती मौजूद रहे. उपकेंद्र पर कार्यरत सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी और एएनएम भी इस दौरान उपस्थित रहे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
