जमुई. भाकपा माले के महिला संगठन ऐपवा के नेतृत्व में गुरुवार को सैकड़ों महिलाओं ने कचहरी चौक पर मार्च निकालकर महिला कर्ज मुक्ति सम्मेलन किया. इस दौरान 10 हजार में दम नहीं, महिलाओं की कर्ज मुक्ति से कम नहीं व माइक्रोफाइनेंस कंपनियों का अत्याचार रोको” जैसे नारे लगे. मुख्य अतिथि एमएलसी शशि यादव ने कहा कि बिहार में 64 प्रतिशत परिवारों की मासिक आय 10 हजार से कम है, जिससे दो वक्त की रोटी भी मुश्किल हो जाती है. शिक्षा व इलाज की बढ़ती मजबूरी ने गरीब परिवारों को कर्ज के जाल में फंसा दिया है. माइक्रोफाइनेंस कंपनियों की किस्त गरीबों की आमदनी को सोख रही है.उन्होंने महिलाओं के लिए कर्ज मुक्ति, रोजगार की गारंटी, 2% ब्याज दर पर 2 लाख रुपये तक कर्ज और 2500 रुपये मासिक सहायता राशि की मांग की. सम्मेलन की अध्यक्षता ऐपवा जिला संयोजक किरण गुप्ता और संचालन बाबू साहब सिंह ने किया. मौके पर जिला सचिव शंभु शरण सिंह सहित बड़ी संख्या में महिलाएं व भाकपा माले नेता मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
