लाखों खर्च कर हुआ मरम्मत कार्य, फिर भी अतिक्रमण की जद में समुदाय भवन

Community Hall Encroachment Jamui: स्थानीय लोगों का आरोप है कि आसपास के कुछ लोगों ने भवन में पुआल, ईंट और अन्य निजी सामान रखकर इसे कब्जे में ले लिया है. इससे ग्रामीणों को सामुदायिक कार्यक्रमों और बैठकों के लिए भवन का उपयोग करने में परेशानी हो रही है.

बरहट(जमुई) से शशिलाल की रिपोर्ट:

Community Hall Encroachment Jamui: प्रखंड की नुमर पंचायत के पूर्व टोला भरकहुआ स्थित सरकारी समुदाय भवन इन दिनों बदहाली और कथित अतिक्रमण को लेकर चर्चा में है. सामाजिक गतिविधियों और ग्रामीणों की बैठकों के लिए बनाए गए इस भवन का उपयोग अब निजी भंडारण के रूप में किया जा रहा है. भवन में पुआल, ईंट और अन्य घरेलू सामान रखे जाने से इसका मूल उद्देश्य प्रभावित हो रहा है.

मरम्मत पर खर्च हुए थे दो लाख रुपये से अधिक

ग्रामीणों के अनुसार हाल ही में छठे राज्य वित्त आयोग की योजना से दो लाख रुपये से अधिक की लागत से समुदाय भवन की मरम्मत कराई गई थी. मरम्मत कार्य के बाद इसका उद्घाटन जिला परिषद सदस्य कुमारी गुड़िया द्वारा किया गया था. ग्रामीणों को उम्मीद थी कि अब भवन का उपयोग सामाजिक और सार्वजनिक कार्यों के लिए किया जाएगा.

निजी सामान रखने का लगाया आरोप

स्थानीय लोगों का आरोप है कि आसपास के कुछ लोगों ने भवन में पुआल, ईंट और अन्य निजी सामान रखकर इसे कब्जे में ले लिया है. इससे ग्रामीणों को सामुदायिक कार्यक्रमों और बैठकों के लिए भवन का उपयोग करने में परेशानी हो रही है.

पहले चलता था प्राथमिक विद्यालय

ग्रामीणों ने बताया कि पहले इस भवन में प्राथमिक विद्यालय संचालित होता था. बाद में छात्रों की संख्या बढ़ने और कमरों की कमी के कारण विद्यालय को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया. इसके बाद भवन को सामुदायिक उपयोग के लिए सुरक्षित रखा गया था, लेकिन वर्तमान में इसका उपयोग निजी भंडारण केंद्र के रूप में किया जा रहा है.

शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई : सीओ

इस संबंध में अंचल अधिकारी मयंक अग्रवाल ने कहा कि मामले की जानकारी उन्हें नहीं है. यदि किसी सरकारी भवन पर अवैध कब्जा किया गया है तो यह गंभीर मामला है. लिखित शिकायत मिलने पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >