फॉर्म भरने के लिए सीएम दीदी पर वसूली करने का आरोप

जिले के बरहट प्रखंड अंतर्गत महासागर ग्राम संगठन फुलवरिया में योजना के क्रियान्वयन को लेकर वसूली का गंभीर आरोप सामने आया है.

बरहट . जिले के बरहट प्रखंड अंतर्गत महासागर ग्राम संगठन फुलवरिया में योजना के क्रियान्वयन को लेकर वसूली का गंभीर आरोप सामने आया है. महासागर ग्राम संगठन की कई जीविका दीदियों ने अपनी सीएम (कम्युनिटी मोबिलाइज़र) दीदी रेखा देवी पर आरोप लगाते हुए प्रखंड परियोजना प्रबंधक को लिखित शिकायत सौंपी है. शिकायत में ममता कुमारी, बिंदु कुमारी, पुतुल देवी, गौरी कुमारी, रेणु देवी, मालती देवी समेत अन्य ने कहा है कि योजना के तहत फॉर्म भरवाने के नाम पर 100 रुपये, और योजना से मिलने वाले 10 हजार रुपये में से 2000 रुपये तक की मांग की जा रही है. पैसे नहीं देने पर उसका नाम समूह से हटाने की धमकी दी जा रही है और फॉर्म भरने से भी इनकार किया जा रहा है.

वायरल ऑडियो ने बढ़ाया मामला

मामले को लेकर एक ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. हालांकि प्रभात खबर इस वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता है. ऑडियो में कथित रूप से सीएम दीदी रेखा देवी को यह कहते हुए सुना जा सकता है, पैसा दीजियेगा तभी नाम जुड़वाएंगे, नहीं तो नहीं. जब एक युवक ने 100 रुपये की मांग पर सवाल किया तो जवाब मिला कि फॉर्म भरना, ऑनलाइन करना और ऑफिस भेजना पड़ता है. युवक से सवाल-जवाब के बाद नाराज सीएम दीदी ने उसका फॉर्म भरने से इनकार कर दिया. ऑडियो में कथित सीएम दीदी आवास योजना और शौचालय योजना का हवाला देकर कहती सुनायी दे रही है कि वहां भी पैसे कटते हैं, तो इस योजना में क्यों नहीं. गांव की कई महिलाओं ने बताया कि उन्हें जल्दी लाभ दिलाने का झांसा देकर पैसे मांगे गये. जिन महिलाओं ने पैसे नहीं दिए, उन्हें समूह में शामिल ही नहीं किया गया. इससे ग्रामीण महिलाओं में गहरा आक्रोश है. उनका कहना है कि जिन योजनाओं से उन्हें मजबूती मिलनी थी, वह भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ती दिख रही हैं. मामले को लेकर परियोजना प्रखंड प्रबंधक धर्मेंद्र कुमार चौधरी ने कहा कि लिखित शिकायत प्राप्त हुई है. इसमें पैसे के लेन-देन का आरोप है. उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >