मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी, महिलाओं को किया जा रहा जागरूक

मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया की शुरुआत होते ही गांव-गांव में महिलाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है.

जमुई . मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया की शुरुआत होते ही गांव-गांव में महिलाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है. सात सितंबर को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से इस योजना का शुभारंभ किया था. इसके साथ ही जिले भर में महिलाओं का जीविका समूह कार्यालयों की ओर रुख बढ़ गया है. ग्रामीण विकास विभाग, बिहार सरकार के तहत चल रही इस योजना के अंतर्गत जीविका महिला ग्राम संगठन में आवेदन भरे जा रहे हैं. जीविका डीपीएम संजय कुमार ने बताया कि योजना का उद्देश्य ग्रामीण व शहरी क्षेत्र की महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना है. प्रत्येक परिवार से एक महिला सदस्य को इस योजना का लाभ दिया जायेगा. आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह नि:शुल्क है और इसके लिए जीविका समूहों में विशेष बैठकें आयोजित की जा रही हैं. जो महिलाएं अभी तक जीविका समूह से नहीं जुड़ी हैं, उन्हें पहले समूह से जोड़ा जा रहा है. जीविका समूह से जुड़ने के लिए महिलाओं की उम्र 18 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए. आवेदिका या उसके पति आयकर दाता नहीं होने चाहिए और न ही वे किसी सरकारी सेवा में नियमित या संविदा पर कार्यरत होने चाहिए.

शहरी महिलाओं के लिए भी है व्यवस्था

ग्रामीण क्षेत्रों में आवेदन ग्राम संगठन (विओ) के माध्यम से भरे जा रहे हैं. वहीं शहरी क्षेत्रों की महिलाएं जो स्वयं सहायता समूह से जुड़ी हैं, वे क्षेत्र स्तरीय संगठन (एएलफ) के माध्यम से आवेदन दे सकती हैं.

जिले में जागरूकता रथ से चल रहा प्रचार-प्रसार

योजना के प्रचार-प्रसार के लिए जिले में जागरूकता रथ चलाया जा रहा है. एलईडी स्क्रीन से युक्त यह वाहन योजनाओं की जानकारी वीडियो के माध्यम से महिलाओं को दे रहा है. जागरूकता वाहन जिले के चार प्रमुख प्रखंड—अलीगंज, सोनो, बरहट एवं खैरा में सुबह और शाम दो पालियों में भ्रमण कर रहा है. यह रथ 26 सितंबर तक जिले भर में योजनाओं की जानकारी देगा.

फॉर्म भरने के लिए नहीं लिया जा रहा कोई शुल्क

योजना का लाभ लेने के लिए महिलाओं से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जा रहा है. सभी ग्राम संगठनों में आवेदन प्रपत्र नि:शुल्क उपलब्ध कराए गए हैं. योजना के प्रति महिलाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में महिलाएं जीविका समूह से जुड़ने के लिए भी आगे आ रही हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By PANKAJ KUMAR SINGH

PANKAJ KUMAR SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >