साड़ी लौटाने को लेकर बाजार में बवाल, दो पक्षों में मारपीट, मौके पर पहुंची पुलिस
Jamui News : जमुई में एक साड़ी को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. दुकान पर पैसे लौटाने की मांग को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी.
जमुई से अर्जुन अरनव की रिपोर्ट : जमुई जिले के बिचला कटौना इलाके में साड़ी खरीद-बिक्री को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया. देखते ही देखते मामला गाली-गलौज और मारपीट तक पहुंच गया. घटना में एक पक्ष के घायल होने की बात सामने आयी है. सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
साड़ी पसंद नहीं आने पर शुरू हुआ विवाद
पहले पक्ष की ओर से ममता देवी, पति सुधीर दास ने आरोप लगाया कि उन्होंने प्रवीण केशरी की दुकान से साड़ी खरीदी थी. घर जाकर देखने पर साड़ी पसंद नहीं आयी, जिसके बाद वह साड़ी लौटाने दुकान पर पहुंचीं.ममता देवी का आरोप है कि साड़ी वापस करने की बात कहने पर दुकानदार प्रवीण केशरी ने पैसे लौटाने से इनकार कर दिया और गाली-गलौज शुरू कर दी. इसी दौरान विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस होने लगी.उन्होंने बताया कि शोर सुनकर उनका भाई मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव करने लगा.
दुकानदार पक्ष ने लगाया मारपीट का आरोप
दूसरे पक्ष से प्रियंका देवी, पत्नी प्रवीण केशरी ने बताया कि ममता देवी उनकी दुकान से तीन साड़ियों में से एक साड़ी पसंद कर खरीदकर ले गयी थीं. कुछ देर बाद वह वापस आकर पैसे लौटाने की मांग करने लगीं.प्रियंका देवी के अनुसार साड़ी पूरी तरह खोल दी गयी थी, इसलिए पैसे लौटाने के बजाय दूसरी साड़ी देने की बात कही गयी. इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया.उन्होंने आरोप लगाया कि ममता देवी गाली-गलौज करने लगीं और ईंट-पत्थर चलाने लगीं. इसी दौरान उनका भाई भी वहां पहुंच गया और प्रवीण केशरी के साथ मारपीट की.
दिव्यांग दुकानदार घायल, अस्पताल में कराया गया इलाज
प्रियंका देवी ने बताया कि प्रवीण केशरी दोनों पैरों से विकलांग हैं, जिसके कारण वह वहां से हट नहीं सके और मारपीट में घायल हो गए. बाद में स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें बचाया गया.घटना की सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दुकानदार को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया. पुलिस दोनों पक्षों के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच में जुट गयी है.