लक्ष्मीपुर. थाना क्षेत्र की पिडरौन पंचायत अंतर्गत बिशनपुर गांव निवासी एक युवक की तमिलनाडु में ट्रेन से कटकर मौत हो गयी. शुक्रवार को जब मृतक का शव गांव पहुंचा, तो परिजनों में कोहराम मच गया. मृतक की पहचान बिशनपुर गांव निवासी ललन पासवान के 18 वर्षीय पुत्र छोटू कुमार पासवान के रूप में हुई है. बताया जाता है कि छोटू अपने दो भाइयों के साथ तमिलनाडु में रहकर मजदूरी करता था. बीते मंगलवार को वह अपने भाइयों के साथ ट्रेन से घर लौट रहा था. इसी दौरान तमिलनाडु से आगे दो-तीन स्टेशन के बीच वह अचानक ट्रेन से नीचे गिर गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. घटना के बाद साथ में रहे दोनों भाइयों ने किसी तरह शव को अपने कब्जे में लिया और लंबी प्रक्रिया के बाद शुक्रवार को गांव लेकर पहुंचे. शव के गांव पहुंचते ही मातमी सन्नाटा छा गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था, गांव के लोग भी गमगीन नजर आये. इस तरह की दुखद घटना से पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है. इधर, पंचायत के मुखिया उपेंद्र यादव ने पीड़ित परिवार को कबीर अंत्येष्टि योजना के तहत तीन हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की. बताया जाता है कि छोटू रोजगार करने को लेकर अपने भाइयों के साथ तमिलनाडु गया था, लेकिन हादसे ने उसके सपनों को अधूरा ही छोड़ दिया.
तमिलनाडु में ट्रेन से कटकर बिशनपुर निवासी युवक की मौत
थाना क्षेत्र की पिडरौन पंचायत अंतर्गत बिशनपुर गांव निवासी एक युवक की तमिलनाडु में ट्रेन से कटकर मौत हो गयी.
