क्या सीमांत मृणाल होंगे LJP(R) के उम्मीदवार? सांसद अरुण भारती ने दिया बड़ा बयान

Bihar MLC Election: बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज है. इसी बीच चिराग पासवान के भांजे सीमांत मृणाल उर्फ प्रिंस पासवान के एमएलसी बनने की अटकलों पर जमुई सांसद अरुण भारती ने बड़ा बयान दिया है.

जमुई से गुलशन कश्यप की रिपोर्ट.

Bihar MLC Election: बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर एनडीए और महागठबंधन के भीतर उम्मीदवारों के नामों पर मंथन जारी है. इस बीच लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की ओर से चिराग पासवान के भांजे सीमांत मृणाल उर्फ प्रिंस पासवान को विधान परिषद भेजे जाने की चर्चाएं तेज हो गई हैं. हालांकि पार्टी की ओर से अभी तक किसी नाम की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है. जमुई सांसद अरुण भारती ने इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए साफ कहा कि अंतिम फैसला राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ही करेंगे.

बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर बढ़ी सियासी हलचल

बिहार विधान परिषद की रिक्त सीटों को लेकर सभी राजनीतिक दल अपने-अपने स्तर पर रणनीति बनाने में जुटे हैं. एनडीए के घटक दलों में भी संभावित उम्मीदवारों के नामों को लेकर चर्चाएं जारी हैं. राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि जेडीयू कोटे से स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार और राष्ट्रीय लोक मोर्चा की ओर से दीपक प्रकाश को विधान परिषद भेजा जा सकता है.

इसी क्रम में लोजपा (रामविलास) की ओर से सीमांत मृणाल का नाम भी प्रमुखता से सामने आ रहा है. हालांकि अभी तक पार्टी नेतृत्व की ओर से किसी नाम पर मुहर नहीं लगी है.

अरुण भारती बोले- फैसला चिराग पासवान का विशेषाधिकार

जमुई में आयोजित एक कार्यक्रम में पहुंचे सांसद अरुण भारती से जब सीमांत मृणाल के संभावित उम्मीदवार बनने को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि विधान परिषद का सदस्य कौन बनेगा, यह पूरी तरह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान का विशेषाधिकार है.

उन्होंने कहा कि पहले एनडीए के वरिष्ठ नेताओं के बीच चर्चा होगी. उसके बाद सभी दलों के राष्ट्रीय अध्यक्ष अपने-अपने उम्मीदवारों की घोषणा करेंगे. जब तक आधिकारिक घोषणा नहीं हो जाती, तब तक किसी भी नाम पर अटकलें लगाना उचित नहीं होगा.

रोहिणी आचार्य को लेकर भी दिया जवाब

सांसद अरुण भारती से राजद सुप्रीमो लालू यादव के सिंगापुर दौरे और रोहिणी आचार्य को एमएलसी बनाए जाने की चर्चाओं पर भी सवाल किया गया. इस पर उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह परिवार का मामला है और इस पर टिप्पणी करना उचित नहीं होगा.

गौरतलब है कि न्यायालय से राहत मिलने के बाद लालू यादव के सिंगापुर जाने की चर्चा है. राजनीतिक हलकों में यह भी कयास लगाए जा रहे हैं कि वे रोहिणी आचार्य को सक्रिय राजनीति में नई भूमिका देने को लेकर बातचीत कर सकते हैं.

घोषणा से पहले अटकलों का दौर जारी

फिलहाल बिहार विधान परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं. विभिन्न दलों में संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चाएं जारी हैं. हालांकि अंतिम तस्वीर उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा के बाद ही साफ हो पाएगी.

Also Read: टाल क्षेत्र में चल रही थी मिनी गन फैक्ट्री! STF की रेड में बड़ा खुलासा, चार गिरफ्तार, हथियारों का जखीरा बरामद

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >